Chhattisgarh News: रायपुर का पॉश इलाका खम्हारडीह इस वक्त चर्चा में है। यहां के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा खुद ठगी का शिकार हो गए हैं। शातिर ठग ने बीजेपी के ही एक बहुत बड़े नेता का पीए बनकर विधायक को फोन घुमाया। उसने बातों में ऐसा उलझाया कि विधायक झांसे में आ गए।

इसके बाद विधायक ने अपने पास से पैसे भेजने के बजाय जगन्नाथ मंदिर के सेवक से रकम ट्रांसफर करवा दी। अब पुलिस उस अनजान नंबर और बैंक अकाउंट की कुंडली खंगाल रही है।

डीजल के नाम पर फंसाया जाल

यह पूरा खेल फोन कॉल से शुरू हुआ। सूत्रों के मुताबिक, ठग ने खुद को बीजेपी के एक दिग्गज नेता का निज सहायक बताया। उसने विधायक को कहा कि उसकी गाड़ी में डीजल डलवाना है और इस वक्त तुरंत पैसों की जरूरत है।

विधायक पुरंदर मिश्रा को लगा कि सच में संगठन के किसी बड़े नेता का स्टाफ परेशान है। ठग ने एक बार नहीं, बल्कि दो बार में पैसे ट्रांसफर करने को कहा।

See also  वरीयान और परिघ योग का संयोग, जानें आज कैसा रहेगा राशिफल

मंदिर के सेवक से करवाए पैसे ट्रांसफर

विधायक ने खुद सीधे पैसे नहीं भेजे। उन्होंने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को बोलकर आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए डलवा दिए। पैसे ट्रांसफर होते ही ठग ने फोन बंद कर दिया।

जब कुछ देर बाद विधायक ने उस बड़े नेता के यहां तस्दीक की, तब जाकर पता चला कि ऐसा कोई फोन वहां से किया ही नहीं गया था। ठगी का अहसास होते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद सेवक नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

हफ्तेभर पहले ही हुआ था बड़ा कांड

रायपुर में वीआईपी लोगों को निशाना बनाने का यह पहला मामला नहीं है। अभी ठीक एक हफ्ते पहले देवेंद्र नगर इलाके में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ भी बड़ी वारदात हुई थी।

वह सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। तभी बाइक सवार बदमाश उनका कीमती आईफोन छीनकर भाग गया था। हालांकि, उस मामले में पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया था। अब देखना है कि विधायक से ठगी करने वाला यह शातिर कॉलर कब तक पुलिस की गिरफ्त में आता है।

See also  'जनता का फैसला' चौपाल द्वारा की गई सिफारिशों पर होगा विचार, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिया आश्वासन