कोलकाता। पश्चिम बंगाल में फलता विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के टिकट पर चुनाव लड़ चुके पूर्व विधायक जहांगीर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने यह बड़ी कार्रवाई करते हुए जहांगीर को नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा से रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जहांगीर खान देश छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन बॉर्डर पार करने से पहले ही एसटीएफ ने उसे दबोच लिया। वह हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही लगातार अंडरग्राउंड चल रहा था।

सहयोगी का मोबाइल फोन ट्रैक कर लोकेशन तक पहुंची एसटीएफ

जहांगीर खान को किस सटीक जगह से और किस समय उठाया गया है, इसकी पूरी डिटेल अभी पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की है। माना जा रहा है कि बंगाल पुलिस की एसटीएफ जल्द ही एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे ऑपरेशन का खुलासा करेगी। पुलिस को जहांगीर खान की तलाश कई आपराधिक मामलों में काफी समय से थी। उसे पकड़ने के लिए खुफिया विभाग और एसटीएफ की टीम लगातार टेक्निकल सर्विलांस का इस्तेमाल कर रही थी। आखिरकार सफलता तब मिली जब पुलिस ने जहांगीर के एक बेहद करीबी सहयोगी का मोबाइल फोन ट्रैक किया। उस फोन की लोकेशन मिलते ही एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी की और सीधे जहांगीर खान तक पहुंच गई।

See also  ताजमहल 10 फरवरी को आम पर्यटकों के लिए ढाई घंटे बंद रहेगा

हत्या के प्रयास और मनी लॉन्ड्रिंग समेत सात गंभीर मामले हैं दर्ज

टीएमसी के इस विवादित नेता के खिलाफ हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और दंगा भड़काने जैसी बेहद गंभीर धाराओं के तहत कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा जहांगीर खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला भी दर्ज है, जिसकी समानांतर जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) कर रही है। कलकत्ता हाई कोर्ट ने पहले जहांगीर को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी। लेकिन इसकी समय सीमा खत्म होने के बाद कोर्ट ने उसकी सुरक्षा बढ़ाने से साफ मना कर दिया था। कोर्ट से हरी झंडी मिलते ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई थी।

आईपीएस अधिकारी को दी थी धमकी, खुद को कहा था पुष्पा

हालिया चुनाव में टीएमसी ने जहांगीर खान को फलता सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन चुनाव प्रचार के बिल्कुल आखिरी दिन उन्होंने अचानक मैदान छोड़ने का फैसला कर सबको चौंका दिया था। इस सीट पर बाद में भाजपा के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। बंगाल चुनाव के दौरान जहांगीर का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने चर्चित आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को खुलेआम धमकी दी थी। उन्होंने फिल्मी अंदाज में खुद को पुष्पा बताते हुए कहा था कि वह किसी के आगे झुकेंगे नहीं। अब वही पुष्पा पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।

See also  टीआरपी स्पेशल: अगर आप रेल यात्रा करने जा रहे हैं तो आरोग्य सेतु एप को मोबाइल में रखना होगा अनिवार्य,जानें कारण