रायपुर। राजधानी रायपुर के पॉश इलाके में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की गई है। देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर मॉल के पास हुए एक हादसे के बाद मौके पर देरी से पहुंचने और गैर-जिम्मेदाराना रवैया दिखाने पर डायल-112 के आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
आधी रात को हुआ था हादसा
यह पूरा मामला 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे का है। सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई थी। हादसे के बाद आपातकालीन सेवा डायल-112 को इसकी सूचना दी गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद भी डायल-112 वाहन में तैनात आरक्षक संदीप शर्मा (क्रमांक 1250) घटनास्थल पर काफी देर से पहुंचे। मौके पर मौजूद चश्मदीदों और पीड़ितों के साथ आरक्षक का आचरण और व्यवहार भी बेहद अनुचित पाया गया।
इस बात की भनक जब आला अधिकारियों को लगी, तो पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता ने इसे गंभीर कदाचार और अनुशासनहीनता माना। डीसीपी ने आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करते हुए रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) रायपुर संबद्ध करने का लिखित आदेश जारी कर दिया है। निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें केवल नियम के मुताबिक निर्वाह भत्ता ही मिलेगा।




