रायपुर। राजनांदगांव जिले में हाल ही में बने तीन रेलवे ओवरब्रिजों में दरारें आने का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस मामले को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने पुलों की गुणवत्ता की उच्च स्तरीय जांच कराने और लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि जिले के बरगा, आलीवारा और मुसरा में बने नए रेलवे ओवरब्रिज बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोकार्पण के कुछ ही दिनों बाद पुलों में बड़ी दरारें आना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन के नागपुर मंडल के डोंगरगढ़-राजनांदगांव रेलखंड पर प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से इन ओवरब्रिजों का निर्माण कराया गया था। इनका लोकार्पण जून 2026 में हुआ था। इसके बाद 4 और 5 जुलाई को हुई तेज बारिश के बाद पुलों में 60 से 70 फीट तक लंबी और करीब 15 से 20 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें दिखाई दीं।
दरारों के कारण इन पुलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल इन्हें आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं माना जा रहा है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक निर्माण के शुरू होने के कुछ दिनों बाद ही इस तरह की समस्या सामने आना बेहद गंभीर विषय है। इससे लोगों में नाराजगी भी है।
उन्होंने रेल मंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और निर्माण से जुड़ी एजेंसी, ठेकेदार, सलाहकार और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका तय की जाए। दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने प्रभावित ओवरब्रिजों का तुरंत सुरक्षा परीक्षण कराने और जरूरत के अनुसार मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने का भी आग्रह किया है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। डॉ. रमन सिंह ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मामले में जल्द कार्रवाई करेगा।


