Bango Dam flood alert: रायपुर/कोरबा। कोरबा में लगातार बारिश के बीच मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48% पहुंच गया है। एहतियातन 5 गेट खोलकर 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा गया। इसके बाद प्रशासन ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे बसे 35 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है।
छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने कई जगह भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल के ऊपर बना डिप्रेशन अभी सक्रिय है। इसके असर से अगले दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा।
कोरबा के इन गांवों में बाढ़ का अलर्ट
मिनीमाता बांगो डैम के 5 गेट खोले जाने के बाद प्रशासन ने जिले के 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। इनमें बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हुई। कुसमी में सबसे ज्यादा 180 मिमी (7.1 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई। दौरा कोचली, बिहारपुर और प्रतापपुर में 130-130 मिमी (5.1-5.1 इंच) बारिश दर्ज हुई।


