स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल के नाम की अनुशंसा खेलरत्न पुरस्कार के लिए की है, तो वहीँ वंदना कटारिया, मोनिका और हरमनप्रीत सिंह के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं। मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए भारत के पूर्व खिलाड़ी आरपी सिंह और तुषार खांडेकर के नाम भेजे गए हैं।

कोच बीजे करियाप्पा और रमेश पठानिया के नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजे हैं। देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019 के बीच का प्रदर्शन आधार रहेगा। इस दौरान रानी की कप्तानी में भारत ने 2017 में महिला एशिया कप जीता और 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल किया, उसने एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर 2019 में भारत के लिए विजयी गोल करके टोक्यो ओलंपिक क्वालीफिकेशन दिलाया था।

रानी की कप्तानी में भारत एफआईएच रैंकिंग में नौवें स्थान पर पहुंचा। विश्व खेल एथलीट का पुरस्कार पाने वाली पहली भारतीय रानी को 2016 में अर्जुन और 2020 में पद्मश्री मिल चुका है। भारत के लिए 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी वंदना और 150 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा ले चुकी मोनिका के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं, दोनों हिरोशिमा में एफआईएच सीरिज फाइनल्स ,टोक्यो 2020 ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट और भुवनेश्वर में ओलंपिक क्वालीफायर में भारत की जीत की सूत्रधार थी।

See also  सियासी वार: यूपी में 'तान्हाजी' टैक्स फ्री, महाराष्ट्र में भी मांग

भारतीय पुरूष टीम के ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह का नाम भी अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है, उन्होंने भुवनेश्वर में एफआईएच सीरिज फाइनल्स में शानदार प्रदर्शन किया था। ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट 2020 में उन्होंने मनप्रीत सिंह की जगह कप्तानी की थी, पिछले साल रूस में ओलंपिक क्वालीफायर जीतने वाली भारतीय टीम का भी वह हिस्सा थे।

पूर्व खिलाड़ी आरपी सिंह और खांडकर के हॉकी को योगदान के लिए उनका नाम मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए भेजा गया है। वहीं करियप्पा का नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजा गया जो 2019 में जोहोर कप में रजत पदक जीतने वाली भारत की जूनियर पुरूष टीम के कोच थे।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, ‘राजीव गांधी खेलरत्न पुरस्कार पाने वाले सरदार सिंह पिछले हॉकी खिलाड़ी थे। रानी ने महिला हॉकी में नयी बुलंदियों को छुआ है और वह इस सम्मान की हकदार है।’ खेल मंत्रालय की एक समिति विजेताओं का चयन करेगी । पुरस्कार 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर दिये जाएगे।

See also  स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और स्पीकर डॉ. चरणदास महंत के दिल्ली दौरे से बढ़ी छत्तीसगढ़ की सियासी गर्मी, विधायक बृहस्पत कांड के बाद पहला दौरा

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।