Deoria/Lucknow: राजस्व विभाग में विशेष सचिव रहते हुए अचानक इस्तीफा देने वाली IAS दिव्या मित्तल ने अब खुद सामने आकर सारे कयासों पर विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने साफ कहा कि आगे क्या करना है, यह अभी तय नहीं किया है और जब तय करेंगी तो सबको खुद बताएंगी।
सोशल मीडिया पर उनके इस्तीफे के बाद से ही चर्चा तेज थी कि क्या वह राजनीति में जाएंगी, बिजनेस करेंगी या किसी बड़ी कंपनी में नौकरी करेंगी। इस पर दिव्या मित्तल ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि यह फैसला किसी दबाव या विवाद में नहीं लिया। यह लंबे समय की सोच का नतीजा है।
IAS नौकरी जिंदगी का एक अध्याय, पूरी किताब नहीं
दिव्या मित्तल ने कहा कि IAS की नौकरी उनके जीवन का सिर्फ एक अध्याय थी, पूरी जिंदगी नहीं। अब वह परिवार के साथ वक्त बिताना चाहती हैं और अपनी पुरानी रुचियों जैसे लेखन, शिक्षण और समाज सेवा को समय देना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि दो बेटियों की जिम्मेदारी और कई अधूरे पैशन भी इस फैसले की बड़ी वजह बने। प्रशासनिक सेवा में रहते हुए वह इन चीजों को वक्त नहीं दे पा रही थीं।
पति भी पहले ही छोड़ चुके हैं नौकरी
इस इस्तीफे के बाद उनके पति और पूर्व IAS गगनदीप सिंह ढिल्लों की भी चर्चा हो रही है। गगनदीप ने 2022 में ही वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया था। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ने ही विदेश में मोटे पैकेज वाली कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ी थी। दिव्या जेपी मॉर्गन में और गगनदीप सिटीग्रुप में थे, फिर भारत लौटकर सिविल सेवा ज्वाइन की थी।
बता दें कि देवरिया में करीब दो साल तक DM रहते हुए दिव्या मित्तल अपनी दो-टूक कार्यशैली, जनप्रतिनिधियों से स्पष्ट संवाद और सामाजिक-धार्मिक आयोजनों में सक्रियता को लेकर काफी चर्चा में रही थीं। हाल ही में उनकी किताब ‘द क्राफ्टेड जीनियस’ भी प्रकाशित हुई है, जिसमें उन्होंने UPSC की तैयारी को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं।
FAQ: इस्तीफे के बाद पहली बार बोलीं दिव्या मित्तल
सवाल 1. दिव्या मित्तल ने इस्तीफे पर क्या कहा?
जवाब: उन्होंने कहा कि फैसला किसी दबाव में नहीं, लंबे सोच-विचार के बाद लिया है और आगे क्या करना है अभी तय नहीं किया।
सवाल 2. क्या वह राजनीति में जाएंगी?
जवाब: फिलहाल उन्होंने इससे इनकार नहीं किया, लेकिन कहा कि अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, लेंगी तो सार्वजनिक करेंगी।
सवाल 3. वह अब क्या करना चाहती हैं?
जवाब: परिवार के साथ समय बिताने के साथ लेखन, शिक्षण और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में काम करना चाहती हैं।
सवाल 4. उनके पति कौन हैं?
जवाब: उनके पति गगनदीप सिंह ढिल्लों भी पूर्व IAS हैं, जिन्होंने 2022 में वाणिज्य मंत्रालय से इस्तीफा दिया था।


