Tahsildar suspended: सरगुजा संभाग में प्रशासनिक लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई हुई है। संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने सूरजपुर जिले के बिहारपुर के प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार करमचंद जाटवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
17 अक्टूबर 2026 को ग्राम कुबेरपुर में हुए ट्रैक्टर हादसे के बाद गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई थी। आरोप है कि इस स्थिति को नियंत्रित करने और मौके पर प्रशासनिक कार्रवाई करने में तहसीलदार करमचंद जाटवर ने घोर लापरवाही और उदासीनता बरती।
प्राप्त प्रतिवेदन में प्रशासनिक शिथिलता की पुष्टि होने के बाद संभागायुक्त ने इसे गंभीर कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के विपरीत पाया। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

गुस्सए ग्रामीणों ने तहसीलदार-एसडीओपी को बना लिया था बंधक
बीते 17 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद भारी बवाल हो गया था। ग्राम पंचायत कुबेरपुर में गिट्टी लोड ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला चंद्रावती जायसवाल की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। फिर गुस्साए ग्रामीणों ने बस्ती से क्रशर को हटाने और मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ट्रैक्टर और पाठक क्रशर में आग लगा दी गई। वहीं तहसीलदार, एसडीओपी और थाना प्रभारी को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया गया। किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया गया।

कुबेरपुर पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अफसरों को लगाई फटकार
चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में हुए सड़क हादसे और उसके बाद उपजे बवाल के मामले में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने गांव पहुंचकर मृतक महिला के परिजनों से मुलाकात की और अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के स्पष्ट निर्देश दिए। मंत्री ने चेतावनी दी कि घटना के नाम पर ग्रामीणों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बहरहाल इस घटना की गाज स्थानीय तहसीलदार करमचंद जाटवरपर गिरी है। फ़िलहाल निलंबन अवधि के दौरान तहसीलदार का मुख्यालय संभागीय पटवारी प्रशिक्षण शाला, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है।
FAQ: कुबेरपुर बवाल की गाज तहसीलदार पर
Q1. किस तहसीलदार को निलंबित किया गया है और क्यों?
A. सूरजपुर जिले के बिहारपुर के प्रभारी तहसीलदार करमचंद जाटवर को निलंबित किया गया है। उन पर 17 अक्टूबर 2026 को कुबेरपुर में ट्रैक्टर हादसे के बाद कानून व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने में लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता का आरोप है।
Q2. निलंबन किस नियम के तहत किया गया?
A. संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने उनके कृत्य को गंभीर कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत पाया और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबित किया है।
Q3. निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय कहां रहेगा?
A. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संभागीय पटवारी प्रशिक्षण शाला, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।



