Nakti Raipur Eviction Case: रायपुर के नकटी इलाके में पिछले कई दिनों से जारी बेदखली का मामला अब सुलझ चुका है। विधायक कॉलोनी प्रोजेक्ट के नाम पर जिन 84 परिवारों को अपना घर छोड़ने का नोटिस मिला था, अब उनके लिए राहत की खबर है।

सांसद की बैठक में बनी सहमति

मामला तब गरमाया जब अचानक प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को बेदखली का फरमान थमाया गया। घर उजड़ने के डर से परेशान ग्रामीण सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पास मदद की गुहार लेकर पहुंचे। इस दौरान धरसींवा के पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल भी साथ रहे। सांसद ने मौके की गंभीरता को देखते हुए फौरन अधिकारियों और ग्रामीणों की बैठक बुलाई।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से चर्चा का भरोसा दिया है। अब कुल 84 प्रभावितों में से 70 परिवारों को नवा रायपुर में सरकारी EWS मकान आवंटित किए जाएंगे।

जरूरतमंदों को ही मिलेगा हक

सांसद ने बैठक में दो टूक कहा कि सरकारी योजनाओं का मतलब जन-कल्याण है, न कि किसी को बेघर करना। उन्होंने उन ग्रामीणों से भी अपील की है जिनके पास पहले से घर हैं, कि वे प्रशासन को सहयोग करें। इससे जो लोग वाकई भूमिहीन हैं, उन्हें जल्द से जल्द छत मिल सकेगी।

प्रशासन को मानवीय रवैया अपनाने के निर्देश

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को साफ़ कह दिया गया है कि ग्रामीणों के साथ संवाद बनाए रखें। किसी भी परिवार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। इस मुद्दे पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल पहले भी सीएम को पत्र लिख चुके हैं। फिलहाल ग्रामीणों के चेहरे पर अब सुकून है कि उनके सिर से छत नहीं छिनेगी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।