टीआरपी। Amrit Udyan : शहर के भीतरी इलाकों में अनेक सुंदर उद्यान हैं जहां सुबह-शाम घूमने के लिए हजारों लोग पहुंचते हैं। लेकिन, शहर से थोड़ी दूर हीरापुर, जरवाय और अटारी क्षेत्र में एक भी ढंग का उद्यान नहीं है। इसे देखते हुए पश्चित विधानसभा क्षेत्र में 10 एकड़ में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अमृत उद्यान का निर्माण किया जाएगा। विधायक राजेश मूणत ने अधिकारियों के साथ उद्यान के लिए भूमि का निरीक्षण करने पहुंचे। यह उद्यान 9 करोड की लागत से बनाया जाएगा।

विधायक मूणत ने स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को उद्यान के स्वरूप को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि हीरापुर, जरवाय और अटारी का यह पूरा क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों में आवासीय और शैक्षणिक दृष्टि से बहुत तेजी से विकसित हुआ है। इस क्षेत्र में पूर्व में ही शासकीय आदर्श महाविद्यालय और ITI जैसे महत्वपूर्ण संस्थान स्थापित किए जा चुके हैं। अब यहां के नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त सार्वजनिक स्थान की कमी थी, जिसे इस उद्यान के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

जल्द शुरू होगा कार्य

विदित हो कि अमृत मिशन फेज-2 के तहत इस परियोजना के लिए 9 करोड़ रुपये की राशि पहले ही स्वीकृत कराई जा चुकी थी। लंबे समय से उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही थी, जो जरवाय में 10 एकड़ शासकीय भूमि के चयन के साथ पूरी हो गई है।

मॉडल गार्डन

विधायक राजेश मूणत का कहना है कि हीरापुर-जरवाय क्षेत्र के लोग लंबे समय से एक अच्छे उद्यान की मांग कर रहे थे। हमने अमृत मिशन के तहत इसके लिए राशि पहले ही मंजूर करवा ली थी, और आज उपयुक्त भूमि का चयन भी कर लिया गया है। यह उद्यान न केवल पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि इसमें ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और बच्चों के लिए खेलकूद की बेहतरीन व्यवस्था होगी। हम इसे एक मॉडल गार्डन के रूप में विकसित करेंगे।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।