Balod Acid Attack Case Update: छत्तीसगढ़ के बालोद में 22 साल की छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा द्वारा लव प्रपोजल ठुकराए जाने से नाराज मुख्य आरोपी ने अपने बचपन के दोस्त से उस पर हमला करवाया। छात्रा सोमवार दोपहर आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने उस पर तेजाब फेंका गया।
एसिड हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। उसके चेहरे और आंख के आसपास भी गंभीर जलने के निशान हैं। तेज जलन के कारण छात्रा मौके पर ही चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
कोचिंग में साथ पढ़ चुका था मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीखुर्द का रहने वाला है और आमापारा में किराए के मकान में रहता था। आरोपी छात्रा के साथ पहले कोचिंग में पढ़ चुका है। छात्रा द्वारा उसका प्रेम प्रस्ताव ठुकराने के बाद वह नाराज था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इसी नाराजगी के चलते उसने हमले की साजिश रची।

बचपन के दोस्त को बुलाकर कराई वारदात
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले भैरमगढ़, बीजापुर से अपने बचपन के दोस्त को बालोद बुलाया था। उसका दोस्त एक महिला मित्र के साथ बालोद आया था। पुलिस का कहना है कि एसिड अटैक से पहले आरोपी ने कमरौद में महिला मित्र की मांग भरकर उससे कथित तौर पर शादी भी की थी।
पहले रेकी, फिर लाइब्रेरी से लौटते वक्त हमला
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त को छात्रा की रेकी करने भेजा था। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे छात्रा लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पीछे पहुंचा और उसके चेहरे पर एसिड फेंककर फरार हो गया। वारदात के बाद आरोपी के भागने की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में भी सामने आईं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कही थी यह बात
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त को एसिड की बोतल देकर छात्रा पर हमला करने के लिए कहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने छात्रा की सुंदरता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उसका चेहरा जला देने की बात कही थी। इस बयान की पुष्टि और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच पुलिस कर रही है।
कुछ ही घंटों में आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। मुख्य आरोपी को बालोद स्थित उसके किराए के मकान से पकड़ा गया। वहीं पुलिस ने हमले को अंजाम देने वाले युवक को कोंडागांव से गिरफ्तार किया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी साजिश और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक पीड़ित छात्रा एमए की पढ़ाई पूरी कर चुकी है और फिलहाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसके पिता पुलिस विभाग में पदस्थ हैं। घटना के बाद परिवार और परिचितों में आक्रोश है।
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा रायपुर अस्पताल पहुंचीं और छात्रा से मुलाकात कर उसका हाल जाना। गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



