Mango Ice Candy Ban in Bastar: बस्तर में बच्चों के बीच लोकप्रिय रंग-बिरंगी मैंगो आइस कैंडी को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में भीम का मैंगो आइस कैंडी को असुरक्षित मिली है। रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने पूरे बस्तर जिले में इसके विक्रय, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी थोक और चिल्हर व्यापारियों को मैंगो आइस कैंडी की बिक्री तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। बाजार में उपलब्ध स्टॉक को वापस मंगाकर नियमानुसार नष्ट करने के लिए भी कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद अगर कहीं इस उत्पाद की बिक्री या भंडारण पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति या कारोबारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दो खाद्य उत्पादों पर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारी पूनम कुंजाम ने बताया कि भीम का मैंगो आइस कैंडी और वीबा एगलेस मयोनीज अमानक पाए गए हैं। इसी वजह से पूरे बस्तर जिले में इनके विक्रय, वितरण और भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।
नागरिकों से विभाग की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से इन खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करने की अपील की है। साथ ही कहीं इनका भंडारण होने की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करने को कहा गया है। खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायत विभाग के टोल-फ्री नंबर पर भी दर्ज कराई जा सकती है।


