रायपुर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की नई कार्यकारिणी तय हो गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) से जुड़े प्रभतेज सिंह भाटिया को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का नया ज्वाइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर आशीष शेलार की जगह लेंगे।
कोषाध्यक्ष से ज्वाइंट सेक्रेटरी तक का सफर
प्रभतेज सिंह भाटिया इस समय BCCI के कोषाध्यक्ष पर रहे। यह पद छत्तीसगढ़ से किसी प्रतिनिधि को पहली बार मिला था। अब दोबारा उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें ज्वाइंट सेक्रेटरी जैसा महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। BCCI द्वारा आयोजित विशेष सामान्य बैठक में उनकी नियुक्ति की पुष्टि की गई। यह छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के लिए बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि यह पहली बार है जब संघ का कोई प्रतिनिधि BCCI में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेगा। इस पद का विशेष महत्व इसलिए है क्योंकि भारतीय महिला टीम और अंडर-19 टीम के चयन की प्रक्रिया ज्वाइंट सेक्रेटरी के निर्देशन में होती है।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट में उत्साह
भाटिया की नई जिम्मेदारी को लेकर पूरे छत्तीसगढ़ क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि उनकी अगुवाई में जल्द ही प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बना पाएंगे।
CSCS में भाटिया का योगदान
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की कमान संभालने के बाद भाटिया ने कई बड़े बदलाव किए। उनकी कार्यशैली का ही नतीजा है कि छत्तीसगढ़ की टीमें राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में प्रदेश के दो खिलाड़ियों का चयन दिलीप ट्रॉफी के लिए हुआ और पहली बार मध्य क्षेत्र ने दिलीप ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया।
BCCI की नई संभावित कार्यकारिणी
नई टीम में यह पदाधिकारी चुने गए हैं:
- अध्यक्ष: मिथुन मन्हास (दिल्ली)
- उपाध्यक्ष: राजीव शुक्ला
- सचिव: सैकिया (असम)
- ज्वाइंट सेक्रेटरी: प्रभतेज सिंह भाटिया (छत्तीसगढ़)
- कोषाध्यक्ष: रघुराम भट
- IPL चेयरमैन: अरुण धूमल


