टीआरपी। Bhumipujan of 250-seat Nalanda Library : शिक्षा, अध्ययन संसाधनों और ज्ञान-संस्कृति के विस्तार को नई दिशा देने के लिए 250 सीट वाले नालंदा लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। जल्द ही विद्यार्थियों को एक बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा के विधायक विजय शर्मा ने 4.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक एवं पूर्णतः डिजिटल सुविधाओं से युक्त नालंदा लाइब्रेरी निर्माण के लिए भूमिपूजन किया।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने युवाओं, प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों, शोधार्थियों और पुस्तक प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायपुर की नालंदा परिसर की तर्ज पर बनाया जा रहा यह नालंदा परिसर जिले में बहुआयामी ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित होगा। कवर्धा में शिक्षा और ज्ञान-संस्कृति को नई ऊँचाइयों तक लेकर जाएगा और नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

एआई टूल्स का निःशुल्क प्रयोग

इस लाइब्रेरी से स्कूल और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को एक शांत एवं उचित वातावरण उपलब्ध होगा। लाइब्रेरी में डिजिटल लाइब्रेरी, सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की अच्छी किताबें, दैनिक अखबार, समसामयिक किताबें, विख्यात जर्नल्स, अच्छे लेखकों की पुस्तकें, प्रेरणादायी किताबों के साथ बच्चों के लिए विशेष ज्ञान-कोना भी उपलब्ध होगा। इसकी खासियत यहां के ऑडियो विजुअल कॉन्टेंट होंगे। विश्व में तेजी से बढ़ रही एआई तकनीकी में युवा पीछे ना रह जाएं इसके लिए परप्लेक्सिटी, ग्रोक, चैटजीपीटी जैसे एआई टूल्स का भी एक कॉर्नर बनाया जाएगा, जहां युवा एआई टूल्स का निःशुल्क प्रयोग कर सकेंगे।

17 हजार वर्गफीट में बनेगी लाइब्रेरी

उल्लेखनीय है कि 17 हजार वर्गफीट में बनीं इस लाइब्रेरी में 250 सीट क्षमता वाले रीडिंग हॉल के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु पुस्तकें, अकादमिक एवं रिसर्च गतिविधियों हेतु जर्नल्स, बच्चों के लिए विशेष ज्ञान-कोना, सांस्कृतिक एवं सामान्य अध्ययन, डिजिटल जानकारी एवं ज्ञान के विभिन्न संसाधन उपलब्ध होंगे।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।