रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आदिवासी हितों की बलि चढ़ाकर उन्हें फर्जी मुठभेड़ में नक्सली बताकर मारने और अतिक्रमण के नाम पर एक आदिवासी महिला को आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया है।

नैतिकता की सारी हदें पार

श्री नेताम ने प्रशासन के स्तर पर की गई जांच की रिपोर्ट के हवाले से कहा कि प्रशासन ने माना है कि गत 5 अप्रैल को धमतरी के पास करंजी नाला के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दोनों युवक नक्सली नहीं थे। वे आम आदिवासी युवक थे जो शहद निकालने जंगल गए थे। इसी तरह धमतरी में ही एक आदिवासी महिला बिटामिन ध्रुव की मौत पर भी श्री नेताम ने आक्रोश व्यक्त किया। रामविचार नेताम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर प्रशासनिक अधिकारियों ने न केवल नैतिकता की सारी हदें लांघी, अपितु छुट्टी के दिन महिला के घर पर बुलडोजर चलाकर अमानवीयता की पराकाष्ठा की।

See also  ब्रेकिंग: रजनी पाटिल महाराष्ट्र से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार, पहले भी रह चुकीं हैं राज्यसभा सांसद

आदिवासी हितों की रक्षा के दावे खोखले

बिटामिन ध्रुव के साथ धक्का-मुक्की व दुर्व्यवहार किया गया जिससे आहत बिटामिन की जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो गई। उक्त दोनों घटनाएं प्रदेश सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों की विकृत व संवेदनहीन मानसिकता की परिचायक है। यह आदिवासी हितों की रक्षा के कांग्रेसी दावों के खोखलेपन का प्रमाण भी हैं। इन मामलों ने साबित कर दिया है कि भूपेश बघेल की सरकार के रहते प्रदेश में भयमुक्त व सुरक्षित जीवन की अब कोई गुंजाइश नहीं रह गई है।

तत्काल मिले मुआवजा

श्री नेताम ने प्रदेश सरकार से इन दोनों मामलों में तत्काल प्रभाव से कारगर कार्रवाई की मांग करते हुए इनकी सूक्ष्म जांच करने और दोषियों को दंडित करने की जरूरत बताई है। इसे केवल मुठभेड़ या आत्महत्या नहीं, एक तरह की हत्या का मामला माना जाना चाहिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। ऐसा न होने पर व्यापक आंदोलन होगा। भाजपा और अजजा मोर्चा की अगुवाई में आदिवासी समाज के हितों की रक्षा की लड़ाई में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी।

See also  12 हजार Vs 22 हजार! स्वच्छ भारत मिशन में 12 हजार में बनता है पक्का शौचालय… जंबूरी में अस्थाई पोर्टेबल पर 22 हजार प्रति यूनिट खर्च!

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।