CG Assembly Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में महतारी वंदन योजना को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्षी विधायकों ने बुजुर्ग महिलाओं की राशि कटने का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा। जब मंत्री के जवाब से संतुष्टि नहीं मिली, तो विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन कर दिया। इस बीच, डिप्टी सीएम अरुण साव ने कटाक्ष करते हुए कहा, जो खुद राशि नहीं दे सके, वे अब सवाल उठा रहे हैं।

महतारी वंदन योजना पर उठा सवाल

विधायक उमेश पटेल ने सदन में योजना की स्थिति पर सवाल उठाते हुए हितग्राहियों की संख्या की जानकारी मांगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जवाब देते हुए बताया कि योजना के प्रथम पंजीयन में 70 लाख 27 हजार 154 हितग्राही थे, जबकि वर्तमान में 69 लाख 63 हजार 621 महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं। इस दौरान 63 हजार 533 लाभार्थियों की संख्या में कमी आई है।

विपक्ष का सरकार पर हमला

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्पष्ट किया कि मृत्यु, डुप्लीकेट पंजीयन और अपात्रता के कारण लाभार्थियों की संख्या में कमी आई है। उन्होंने यह भी बताया कि बस्तर में फर्जी नाम से लाभ लेने का मामला सामने आया है। हालांकि, विपक्ष ने इस तर्क को खारिज करते हुए सरकार पर बुजुर्ग महिलाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। विधायक उमेश पटेल ने कहा, बुजुर्ग महिलाओं की 500 रुपये की राशि काटी जा रही है, जो उनके साथ धोखा है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।