रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन किया। राज्यपाल ने अपने निवास में स्वर्गीय वाजपेयी के छायाचित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा किवाजपेयी जी विराट व्यक्तित्व, महानवक्ता, लेखक व बहुमुखी के धनी होने के साथ-साथ एक जननायक थे। उन्होंने विदेश व अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का मजबूती से पक्ष रखकर देश का मान बढ़ाया। भारत को जब एक कमजोर देश समझा जाता था तब पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु शक्ति संपन्न घोषित किया। इस कदम से उन्होंने भारत को विश्व में एक सुदृढ़ वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित कर दिया। पश्चिम के देशों ने जब एक अनेक प्रतिबंध लगाए तब उसका दृढ़ता पूर्वक सामना करते हुए उनके नेतृत्व में देश ने आर्थिक विकास की ऊंचाईयों को छुआ।

उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को मूर्त रूप प्रदान किया, जिससे हमारे देश की आधारभूत संरचना मजबूत हुई। वाजपेयी ने ग्रामीण और कृषि क्षेत्र में मजबूती के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया, उनकी सोच समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण करना था। इसी सोच के फलस्वरूप उनके शासनकाल में अन्नपूर्णा योेजना शुरू की गई, जिसमे जिन पात्र बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलती थी उन्हें हर माह 10 किलो अनाज निःशुल्क दिया गया। राज्यपाल ने कहा कि वाजपेयी भारत के महान सपूत थे।

See also  CGSET परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, यहां से करें डाउनलोड

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व.श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आज अटल बिहारी विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्व अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें सादर नमन किया। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की याद में बनाए गए शहीद स्मारक पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर सेनानियों को सादर नमन किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति अरुण नाथ दिवाकर वाजपेयी, बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित अन्य लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और शहीद स्मारक पर छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानियो को श्रृद्धांजलि अर्पित की।