रायपुर। छत्तीसगढ़ अपने 26वें स्थापना दिवस के जश्न के लिए पूरी तरह तैयार है। नवा रायपुर के तूता मेला मैदान में 1 नवंबर से 3 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय भव्य ‘छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026’ (CG Rajyotsav 2026) का आयोजन किया जाएगा। इस बार के राज्योत्सव में केंद्रीय मंत्रियों के दौरे से लेकर भारतीय वायुसेना के एयर शो और बॉलीवुड कलाकारों के धमाकेदार परफॉर्मेंस तक कई बड़े आकर्षण देखने को मिलेंगे।
नवा रायपुर में होगा एयर शो: सूर्यकिरण और सारंग टीम दिखाएंगी करतब
राज्योत्सव 2026 का सबसे बड़ा रोमांचक आकर्षण एयर शो होगा। नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर आसमान में अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। सूर्यकिरण टीम 9 विमानों के साथ करीब 40 मिनट तक फॉर्मेशन फ्लाइंग का प्रदर्शन करेगी। हालांकि, एयर शो की सटीक तारीख और समय की आधिकारिक घोषणा अभी होना बाकी है।
इस बार की थीम: ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’
इस बार के राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ तय की गई है, जो पूरी तरह से महिला सशक्तीकरण और युवाओं की भागीदारी पर केंद्रित है। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा भव्य प्रदर्शनियां और स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (Ease of Doing Business) मानव पूंजी विकास (Human Capital Development) और विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
बॉलीवुड सिंगर्स का जलवा और लोक संस्कृति की झलक
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए देश के जाने-माने कलाकार पहुंच रहे हैं। तीन दिवसीय इस महोत्सव में प्रसिद्ध बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छाल (Palak Muchhal), स्वस्ति मेहुल (Swasti Mehul) और अभिजीत भट्टाचार्य (Abhijeet Bhattacharya) अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकार राज्य की पारंपरिक लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश करेंगे।
40 हस्तियों को मिलेंगे राज्य स्तरीय अलंकरण पुरस्कार
राज्योत्सव के अंतिम दिन यानी 3 नवंबर को भव्य राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की चुनिंदा हस्तियों को कुल 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
रूट, पार्किंग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
लाखों की संख्या में पहुंचने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए 6 रूट तय किए गए हैं। अलग-अलग शहरों से आने वाले वाहनों के लिए बड़ी पार्किंग बनाई गई है, जहां से दर्शक पैदल स्थल तक पहुंचेंगे (कुल 40 हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता)।
स्थल पर 20 बेड का अस्पताल, ICU, 25 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी। मुख्य मंच के सामने विशाल डोम बनाए गए हैं जिनमें 60 LED स्क्रीन लगाई जा रही हैं, साथ ही 300 से अधिक शौचालयों की व्यवस्था की गई है।



