नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर आधिकारिक तौर पर डेब्यू कर लिया है। सोशल मीडिया पर अपने पहले ही पोस्ट में उन्होंने अपनी आने वाली बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) की पहली झलक साझा की है। इस वीडियो पोस्ट के जरिए उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी के साथ पहली मुलाकात का बेहद खूबसूरत और यादगार किस्सा शेयर किया है।
इंग्लैंड का वह ग्रीक रेस्टोरेंट और राजीव गांधी से पहली मुलाकात
वीडियो संदेश में सोनिया गांधी ने उस दौर को याद किया जब वे साल 1965 में मात्र 19 साल की उम्र में इंग्लैंड के कैंब्रिज में पढ़ाई कर रही थीं। उन्होंने बताया कि इटैलियन खाने की तलाश के दौरान उन्हें एक खास जगह मिली थी।
सोनिया गांधी ने कहा, “फिर हमें यह जगह मिल गई। यह एक ग्रीक रेस्टोरेंट था, जहां कई छात्र—खासकर यूरोपीय और भारतीय छात्र—खाना खाने आते थे। और उसी रेस्टोरेंट में मेरी मुलाकात राजीव से हुई।
उन्होंने आगे बताया कि जब वे पहली बार राजीव गांधी से मिली थीं, तो उन्हें तुरंत अहसास हो गया था कि वे ऐसे इंसान हैं जिनके साथ वे रहना चाहती हैं, और बाद में उन्हें पता चला कि राजीव के मन में भी यही भावना थी। एक कॉमन दोस्त के जरिए दोनों की जान-पहचान हुई, दोस्ती बढ़ी और वे साथ मिलकर पार्टियों तथा घूमने-फिरने जाने लगे। एक बार दोनों एक वैलेंटाइन पार्टी में भी शामिल हुए थे।
राजीव गांधी का सौम्य स्वभाव जीत गया दिल
राजीव गांधी का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने उनके व्यक्तित्व के उस पहलू को याद किया जिसने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया।
उन्होंने साझा किया, “वे दिखने में बहुत सौम्य थे। बेशक, वे बहुत हैंडसम भी थे, लेकिन उनका वह सौम्य स्वभाव साफ झलकता था। इसी बात ने मुझे गहराई से प्रभावित किया। इसलिए, उनसे पहली मुलाकात का वह पल मैं कभी नहीं भूल सकती।”
कब और कहां रिलीज़ होगी किताब?
प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नॉफ (Alfred A. Knopf) ने घोषणा की है कि ‘Belonging: A Journey of Love’ आगामी 10 नवंबर को बाजार में आएगी। यह किताब नॉफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप (पेंगुइन रैंडम हाउस) के तहत प्रकाशित होगी।
इससे पहले, इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट का कैप्शन साझा करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा था:“नमस्ते सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है; यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है।”



