रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बिजली विभाग के सब स्टेशन का उद्घाटन करने पहुंचे नगर विधायक अमर अग्रवाल एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गए। जैसे ही विधायक ने उद्घाटन के लिए स्विच दबाया, केबल में ब्लास्ट हो गया और तेज धमाके के साथ पूरा सब स्टेशन धुआं-धुआं हो गया।

मंगलवार को बिजली विभाग ने नगर विधायक अमर अग्रवाल को नए सब स्टेशन के उद्घाटन के लिए बुलाया था, लेकिन उद्घाटन स्विच दबाते ही तेज धमाका हुआ और चारों ओर धुंआ फैल गया। इस घटना से विधायक असहज हो गए और नाराजगी व्यक्त करते हुए बिना भाषण दिए कार्यक्रम स्थल से लौट गए।

घटना साइंस कॉलेज स्थित सब स्टेशन में हुई। उद्घाटन के दौरान स्विच ऑन करने के बाद सब स्टेशन का संचालन शुरू होना था, लेकिन इसके बजाय धमाका हुआ और सब स्टेशन में तकनीकी खराबी हो गई। इससे पहले सरकंडा मुक्तिधाम में हुए सब स्टेशन उद्घाटन में कोई समस्या नहीं आई थी।

घटना के बाद विधायक अमर अग्रवाल इतने असहज हो गए कि उन्होंने बिना कोई भाषण दिए कार्यक्रम स्थल से लौटने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में मौजूद बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी बिजली विभाग के अधिकारियों की तैयारियों पर नाराजगी जताई, वहीं महापौर रामशरण यादव ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई।

बिजली विभाग ने घटना के बाद सब स्टेशन की सभी तकनीकी खामियों की समीक्षा करने का आश्वासन दिया है और कहा कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों में कोई कमी नहीं रहेगी। विभाग के अधिकारियों ने विधायक को सफाई दी, लेकिन विधायक नहीं माने और वापस लौट गए। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना तकनीकी खामी के कारण हुई, लेकिन उद्घाटन के मौके पर हुआ धमाका किसी को भी असहज कर सकता है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।