सोमवार, 19 अक्तूबर 2026 सोम, 19 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

Chhattisgarh: अरपा-खारून पर नए पुल, डोंगरगढ़ में 8 किमी लंबा परिक्रमापथ, 3 जिलों में नई सड़कें

Chhattisgarh Road Development: बारिश के बाद छत्तीसगढ़ के विकास को गति देने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। बिलासपुर जीवनदायिनी नदी अरपा और रायपुर की जीवनदायिनी खारून पर नया पुल बनाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, डोंगरगढ़ में 8 किमी लंबा फोरलेन परिक्रमापथ बनाने को मंजूरी दी गई है। इतना ही नहीं, […]

Road development projects worth Rs 672 crore in Chhattisgarh; new bridges proposed over the Arpa and Kharun rivers.
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Chhattisgarh Road Development: बारिश के बाद छत्तीसगढ़ के विकास को गति देने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। बिलासपुर जीवनदायिनी नदी अरपा और रायपुर की जीवनदायिनी खारून पर नया पुल बनाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, डोंगरगढ़ में 8 किमी लंबा फोरलेन परिक्रमापथ बनाने को मंजूरी दी गई है। इतना ही नहीं, बलरामपुर, रामानुजगंज और रायगढ़ में नई सड़कें भी बनाई जाएंगी।

दरअसल, बारिश के बाद खराब हुई सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण व सुधार का काम अब तेज करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी विभाग के अफसरों को दिए गए हैं। विगत दिनों छत्तीसगढ़ शासन ने लोक निर्माण विभाग के 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी। इन कामों पर कुल 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए खर्च होंगे। इनमें नई सड़कें और पुल बनाने के साथ मौजूदा सड़कों का चौड़ीकरण, उन्नयन, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं।

अरपा और खारुन नदी पर बनेंगे नए पुल

बिलासपुर जिले में भी दो महत्वपूर्ण पुल परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग में अरपा नदी पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए 17 करोड़ 63 लाख 32 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं चोर हादेवरी-परसदा मार्ग में खारुन नदी पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 7 करोड़ 68 लाख 16 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है। इन पुलों के बनने से संबंधित इलाकों में सड़क संपर्क और आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।

डोंगरगढ़ में 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में 8 किलोमीटर लंबे फोरलेन परिक्रमा पथ का निर्माण किया जाएगा। इसमें पुल-पुलियों का काम भी शामिल है। परियोजना के लिए 46 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है। बिलासपुर में 17.61 किलोमीटर लंबे झाल-नगपुरा मार्ग के लिए 29 करोड़ 91 लाख 92 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में पुल-पुलियों सहित 6.50 किलोमीटर लंबे सल्डीह-बहादुरपुर मुख्य जिला मार्ग के लिए 11 करोड़ 27 लाख 98 हजार रुपए मंजूर हुए हैं।

इन जिलों में भी बनेंगी नई सड़कें

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 7.60 किलोमीटर लंबे सिविलदाग-नीलकंठपुर मार्ग के निर्माण के लिए 14 करोड़ 13 हजार रुपए और रायगढ़ जिले में 3.40 किलोमीटर लंबे उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के लिए 13 करोड़ 74 लाख 29 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

धमतरी में कई प्रमुख सड़कों का होगा चौड़ीकरण

धमतरी जिले में कई महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के काम को मंजूरी मिली है। मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के 3.75 किलोमीटर हिस्से के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण पर 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए खर्च होंगे। इसी तरह 9 किलोमीटर लंबे छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए और 10 किलोमीटर लंबे अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है। राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण और डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

तीन प्रमुख सड़कों का होगा उन्नयन

लोक निर्माण विभाग ने तीन सड़क उन्नयन परियोजनाओं के लिए कुल 78 करोड़ 96 लाख 74 हजार रुपए की निविदाओं को मंजूरी दी है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुल-पुलियों सहित 18 किलोमीटर लंबे परसवार-चलगली मार्ग के लिए 37 करोड़ 37 लाख 96 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। रायपुर में अभनपुर के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन में उन्नत करने के लिए 17 करोड़ 32 लाख 31 हजार रुपए और रायगढ़ में 12.30 किलोमीटर लंबे कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ मार्ग के उन्नयन के लिए 24 करोड़ 26 लाख 47 हजार रुपए मंजूर हुए हैं।

दुर्ग और धमतरी में नई फोरलेन सड़क

दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक पुल-पुलियों सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए 28 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है। धमतरी के आमदी नगर पंचायत में राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग पर 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ का निर्माण होगा। इसमें सौंदर्यीकरण का काम भी शामिल है। इसके लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

सरकार ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मजबूत सड़क और पुल अधोसंरचना का निर्माण राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके मुताबिक बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच संपर्क मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और दूसरी जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाती हैं। वहीं उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

Vikas Soni
लेखक / पत्रकार:

Vikas Soni

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन