रायपुर। जिला पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कबीर नगर थाना क्षेत्र में हेरोइन की तस्करी में लिप्त एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने मुख्य तस्कर मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 273.19 ग्राम हेरोइन, 5 मोबाइल और 1 दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त हेरोइन की कीमत करीब ₹57 लाख बताई गई है।

नई तकनीकों का दुरूपयोग

ये पूरा नेटवर्क वीडियो और लोकेशन शेयरिंग से चलता जा रहा था। गिरोह का संचालन आधुनिक तकनीकों से किया जा रहा था। मुख्य सप्लायर मनमोहन सिंह संधू अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स विजय मोटवानी और भूषण शर्मा के जरिए नशे का जाल फैला रहा था।

गिरफ्तार आरोपियो के नाम

कबीर नगर थाना में दर्ज मामले में 5 आरोपी जिनमें मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू (मुख्य सप्लायर), विजय मोटवानी उर्फ अमन (डिस्ट्रीब्यूटर), दिव्या जैन (नेटवर्क से जुड़ी महिला), नितिन पटेल (तस्करी में संलिप्त) और जसप्रीत कौर उर्फ बॉबी (मुख्य आरोपी की पत्नी) शामिल है। जबकि कोतवाली थाना में दर्ज एक प्रकरण का गिरफ्तार आरोपी भूषण शर्मा उर्फ सूरज (नेटवर्क का सक्रिय सदस्य) पहले से ही NDPS एक्ट के तहत सजा काट रहा है।

See also  दिग्विजय सिंह का बीजेपी पर हमला: जबरन धर्मांतरण गलत, आदिवासियों को 'वनवासी' कहना उनकी पहचान मिटाने की साजिश

कई जगहों पर दी गई दबिश

विशेष पुलिस टीम ने हीरापुर, जरवाय तालाब और RDA कॉलोनी में एक साथ दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा था। मनमोहन सिंह संधू को उसके ठिकाने से रंगे हाथों हेरोइन के साथ गिरफ्त में लिया गया। पूछताछ में उसने पंजाब से माल मंगवाने और अपने नेटवर्क में बेचने की बात कबूल की।

अब तक 34 गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने इस साल अब तक 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और ₹1.57 करोड़ की हेरोइन जब्त की है। इस अभियान में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम की भूमिका सराहनीय रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने चलाया अभियान

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व रायपुर रेंज IG अमरेश मिश्रा, SSP डॉ. लाल उमेद सिंह, ASP डीआर पोर्ते और ASP क्राइम संदीप मित्तल ने किया। उन्होंने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और अंतरराज्यीय सप्लायर नेटवर्क को तोड़ने का निर्देश दिया था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं 21B, 21C, 29 और BNS की धारा 111 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

See also  ईडी के खिलाफ भूपेश बघेल की भाषा निंदनीय: बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद