रायपुर। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन के कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर बलरामपुर खंड के प्रभारी कार्यपालन अभियंता को हटा दिया है।

मामला बलरामपुर जिले का है। विभागीय समीक्षा बैठक में बलरामपुर जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों में समय-सीमा में काम पूरा नहीं होने पर प्रभारी कार्यपालन अभियंता आदित्य प्रताप को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।

प्रमुख अभियंता द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विगत 20 जून को हुई राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में यह परिलक्षित हुआ है कि बलरामपुर जिले में जल जीवन मिशन का कार्य संतोषजनक नहीं है। इससे स्पष्ट होता है कि बलरामपुर खंड के प्रभारी कार्यपालन अभियंता द्वारा अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों के निर्वहन में उदासीनता बरतने के कारण विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जल जीवन मिशन के लक्षित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए वांछित गति नहीं दिए जाने से बलरामपुर जिले में मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप वांछित प्रगति प्राप्त करने में कठिनाई आ रही है।

See also  धान खरीदी पर सियासतः भाजपा के प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदे जाने की मांग पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के बलरामपुर खंड के प्रभारी कार्यपालन अभियंता आदित्य प्रताप को आगामी आदेश तक बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके स्थान पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंडल अंबिकापुर के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में सहायक अभियंता सुशील कुमार सिन्हा को बलरामपुर खंड के कार्यपालन अभियंता का प्रभार सौंपा गया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।