रायपुर। जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में बीते शनिवार रात अचानक आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। आग मुख्य रूप से स्टोर रूम में लगी थी, जहां महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड रखे हुए थे। घटना के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि यह एक किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थी। कार्यालय कर्मचारियों ने धुआं देखकर तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जले हुए दस्तावेजों में स्कूलों से जुड़े रिकॉर्ड, पत्राचार, पुरानी फाइलें और अन्य जरूरी कागजात शामिल थे। अधिकारियों ने कहा कि इससे कुछ समय के लिए विभागीय कामकाज पर असर पड़ सकता है।

तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

इस गंभीर घटना की जांच के लिए DPI ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, संभागीय संयुक्त संचालक होंगे। समिति को पांच दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट DPI को सौंपनी है। जांच का मकसद आग लगने के कारणों का पता लगाना, नुकसान का आंकलन करना और विभागीय सुरक्षा उपायों में सुधार के लिए सिफारिशें देना है।

विभागीय कामकाज पर असर

जले हुए दस्तावेजों में स्कूलों से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड शामिल होने के कारण विभागीय कामकाज में अल्पकालिक व्यवधान आ सकता है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में प्राथमिक दस्तावेजों और रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती जाए।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।