Korba Car Stunt: छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोशल मीडिया रील बनाने के लिए चलती कार पर खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में गरबा ड्रेस पहने तीन युवतियां काले रंग की चलती कार पर स्टंट करती नजर आईं। एक युवती कार के बोनट पर लेटी थी, जबकि दो अन्य दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस कर रही थीं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार नंबर CG 12 BV 6007 के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। स्टंट करने वाली युवतियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
‘Just Chill’ गाने पर बनाई रील, वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो में काले रंग की कार सड़क पर चलती दिखाई दे रही है। इसी दौरान तीनों युवतियां कार के अलग-अलग हिस्सों पर स्टंट करती नजर आती हैं। युवतियों ने ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर यह वीडियो शूट किया था। वीडियो के साथ कैप्शन भी पोस्ट किया गया था, जिसमें लिखा था, ‘Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।’ वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस तरह की हरकत पर नाराजगी जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
बोनट पर लेटी युवती, दोनों दरवाजों पर लटककर किया डांस
यह मामला कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित रविशंकर नगर का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवती कार के बोनट पर लेटी दिखाई देती है। वहीं, दो अन्य युवतियां कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आती हैं। नवरात्रि के दौरान इलाके में सड़क पर सजावट भी की गई थी। चलती सड़क पर इस तरह स्टंट करने से युवतियों के साथ-साथ दूसरे राहगीरों और आसपास चल रहे वाहनों के लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
कार नंबर से हुई पहचान, वाहन मालिक पर केस दर्ज
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार की पहचान की। वीडियो में वाहन का नंबर CG 12 BV 6007 दिखाई दे रहा था। इसी नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक की पहचान की और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। स्टंट करने वाली युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ASP लखन पटले ने क्या बताया?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में काले रंग की कार में तीन युवतियां खतरनाक तरीके से स्टंट करती दिखाई दी थीं। कार चल रही थी और युवतियां बोनट तथा दोनों दरवाजों पर बैठी और लटकी हुई थीं। उन्होंने बताया कि इस तरह वाहन चलाने से सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया रील या वीडियो बनाने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट न करें। कुछ सेकेंड का वीडियो किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।



