Agriculture Ministry Officer Suspended

टीआरपी। छत्तीसगढ़ शासन ने निर्माण श्रमिक पंजीयन में गंभीर अनियमितता बरतने के आरोप में जांजगीर-चांपा के श्रम निरीक्षक लक्ष्मण सिंह मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना से जुड़े प्रकरणों में संदिग्ध भूमिका पाए जाने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

गरीब मजदूरों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर शासन का यह कड़ा रुख है। इस कार्रवाई से विभाग के अन्य अधिकारियों को स्पष्ट संदेश गया है कि जनहित की योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधानसभा में गूंजा था मामला


इस भ्रष्टाचार का खुलासा तब हुआ जब पंचायत उपाध्यक्ष, जिला जांजगीर-चांपा ने 02 मार्च 2026 को कलेक्टर से शिकायत की। इसके बाद विधानसभा में क्षेत्रीय विधायक बालेश्वर साहू ने ध्यानाकर्षण के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। कलेक्टर की प्राथमिक जांच रिपोर्ट में पंजीयन आवेदनों को स्वीकृत करने के दौरान लक्ष्मण सिंह मरकाम की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

निलंबन और विभागीय जांच के आदेश


श्रमायुक्त के अनुमोदन के बाद अपर श्रमायुक्त (स्थापना) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मरकाम के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सहायक श्रमायुक्त कार्यालय, बिलासपुर निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

विभागीय जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इस अनियमितता में और कौन-कौन से अधिकारी या बिचौलिए शामिल हैं। मामले में एफआईआर की कार्रवाई भी हो सकती है।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।