रायपुर। सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण आईईडी विस्फोट में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरपुंजे को आज राजधानी रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और गृह मंत्री अरुण साव सहित कई मंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पार्थिव शरीर को कांधा देकर सम्मान प्रकट किया।

शहीद की अंतिम यात्रा राजधानी के चंगोराभाठा स्थित निवास से सुसज्जित रथ के माध्यम से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। रास्ते भर लोग श्रद्धांजलि देने के लिए खड़े रहे और ‘शहीद अमर रहें’ के नारों के साथ आकाश राव को अंतिम प्रणाम किया।

माना स्थित चौथी वाहिनी में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री समेत सभी गणमान्य अतिथियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जवान और सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।