रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर बीजेपी हमलावर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की कड़ी निंदा की है और इसे शर्मनाक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ और बयानों के जरिए इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
वैचारिक दिवालियापन और गिरती सोच
सीएम साय ने कहा कि राजनीतिक हताशा और विरोध के नाम पर कांग्रेस अब भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमाएं लांघ रही है। यह बयान कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। मल्लिकार्जुन खरगे को देश से इस अमर्यादित और असंसदीय टिप्पणी के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विपक्ष के पास विकास और नीतियों पर बात करने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वे व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं। जनता इस तरह की राजनीति को देख रही है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका करारा जवाब देगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस तरह की अमर्यादित भाषा शोभा नहीं देती: डिप्टी सीएम
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि देश की इतनी पुरानी और बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस तरह की अमर्यादित भाषा कतई शोभा नहीं देती। वहीं, भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी के दायरे में रहकर ही बात होनी चाहिए, लेकिन इसके नाम पर देश के प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचाई जानी चाहिए। राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता ओपी चौधरी, तोखन साहू और संतोष पांडेय ने भी इस बयान की पुरजोर आलोचना की है।
मुद्दों से भटकाने का प्रोपेगेंडा: दीपक बैज
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए भाजपा पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने के लिए प्रोपेगेंडा फैला रही है। खड़गे जी ने अपने भाषण में देश की गंभीर समस्याओं को भी उठाया था, लेकिन बीजेपी उन पर बात करने के बजाय सिर्फ एक लाइन को पकड़कर बेवजह का विवाद खड़ा कर रही है।
क्या है पूरा मामला
रविवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे केंद्र सरकार और उसकी नीतियों पर बोल रहे थे। इसी बीच, भीड़ में से एक कार्यकर्ता ने खड़े होकर कहा कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं, जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, मोदी सरकार नहीं हटेगी।
इस बात पर खड़गे भड़क गए और उन्होंने गुस्से में कहा,मोदी क्या, उसका बाप भी जाएगा! खड़गे ने इस बात को तीन बार दोहराया। इसके तुरंत बाद कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोगों ने उस कार्यकर्ता की पिटाई कर दी, जिसने मोदी के जाने की बात कही थी। यह वीडियो और बयान देशभर में वायरल हो रहा है।


