रायपुर। रायपुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की घोषणा महापौर मीनल चौबे के शहर से बाहर होने के कारण टल गई है। जानकारी के अनुसार, वे 12 मार्च से एक धार्मिक आयोजन के लिए बाहर थीं और आज, शनिवार को रायपुर लौटने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, एमआईसी सदस्यों के नामों की सूची तैयार कर ली गई है, और इसे विभागवार जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

संभावना जताई जा रही है कि 17 मार्च, सोमवार को एमआईसी की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। नगर निगम अधिनियम के अनुसार, सभापति चुनाव के सात दिनों के भीतर एमआईसी का गठन अनिवार्य होता है, लेकिन महापौर की अनुपस्थिति के कारण इसमें देरी हुई। महापौर के करीबी सूत्रों के अनुसार, विधायक और सांसद की सहमति के बाद ही एमआईसी सदस्यों के नाम तय किए गए हैं। एमआईसी की घोषणा के तुरंत बाद, मार्च के अंत तक वित्तीय वर्ष 2025-26 के पहले बजट की तैयारी भी शुरू कर दी जाएगी।

ये विभाग होंगे प्रमुख

एमआईसी में स्वास्थ्य एवं सफाई, पेयजल, लोक निर्माण, नगर निवेश और राजस्व विभाग अहम माने जा रहे हैं। इन विभागों का सीधा प्रभाव आम जनता पर पड़ता है, इसलिए इनके लिए अनुभवी और योग्य पार्षदों को चुना गया है। विशेष रूप से सफाई और पेयजल संबंधी समस्याएं सालभर बनी रहती हैं, जिससे संबंधित सदस्यों को अधिक सक्रिय रहना होगा।

इसके अलावा, एमआईसी को राजस्व बढ़ाने के लिए टैक्स वसूली और दुकानों के किराये संबंधी मामलों पर भी विशेष ध्यान देना होगा। महापौर ने इन विषयों को लेकर शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया है, ताकि सही उम्मीदवारों का चयन किया जा सके।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।