रायपुर मौदहापारा संडे बाजार में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई।

टीआरपी। राजधानी रायपुर के मौदहापारा इलाके में बरसों से लग रहे संडे बाजार के दुकानदारों पर नगर निगम के अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई की। फुटपाथ पर दुकान लगाकर व्यवसाय कर रहे 40 से अधिक दुकानदारों को हटा दिया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि वे अगले सप्ताह से सड़क के एक खास हिस्से में ही संडे को अपनी दुकानें लगाएं, अन्यथा भारी जुर्माना वसूल किया जाएगा।


व्यस्ततम मौदहापारा संडे बाजार में ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क पर कब्जा जमाए 40 फेरीवालों को हटा दिया है। बार-बार दी गई समझाइश के बाद भी जयराम कॉम्प्लेक्स के पीछे गलियों में यातायात बाधित करने वालों पर यह सख्त एक्शन लिया गया है। मौदहापारा में संडे बाजार के दुकानदारों को हटाने की यह कार्रवाई यातायात को सुव्यस्थित करने के लिए की गई है। अक्सर यहां जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस कार्रवाई से न केवल के.के. रोड और महावीर गौशाला मार्ग पर यातायात सुगम होगा, बल्कि व्यवस्थित बाजार की दिशा में प्रशासन का यह कदम व्यापारियों और खरीदारों दोनों के लिए राहतकारी है।

सड़क कब्जा मुक्त


कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के आदेशानुसार, रविवार को नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौदहापारा क्षेत्र में मोर्चा संभाला। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और यातायात एसपी अजय कुमार के निर्देश पर चली इस कार्रवाई में गुजराती मोहल्ले के पास अवैध रूप से गलियों में बैठे फेरीवालों को खदेड़ा गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फेरीवालों को मौदहापारा मस्जिद से लेकर महावीर गौशाला के बीच निर्धारित सफेद लाइन के अंदर ही बैठना है। जो फेरीवाले जगह की कमी बताकर जयराम कॉम्प्लेक्स के पीछे अनधिकृत रूप से व्यवसाय कर रहे थे, उन्हें कड़ी हिदायत के साथ हटाया गया है।

अफसरों की मौजूदगी में चली कार्रवाई

इस अभियान में नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन 2 कमिश्नर संतोष पाण्डेय, और कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे सहित मौदहापारा थाना बल और नगर निगम का उड़नदस्ता शामिल रहा। अधिकारियों ने फेरीवालों को अपना फोटो आईडी थाने और निगम मुख्यालय में जमा कर, आवंटित स्थान के लिए चर्चा करने के निर्देश दिए हैं।

सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में सड़क पर सामान पाए जाने पर अब सीधे जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।