रायपुर पश्चिम टाटीबंध में नवनिर्मित अत्याधुनिक महतारी सदन

टीआरपी। रायपुर पश्चिम के टाटीबंध क्षेत्र में विधायक राजेश मूणत की पहल पर छत्तीसगढ़ का पहला सर्वसुविधायुक्त ‘महतारी सदन सह आंगनबाड़ी’ बनकर तैयार हो गया है। लगभग 85 लाख रुपये की लागत से 4500 वर्ग फीट में निर्मित यह केंद्र सरकारी आंगनबाड़ियों की पारंपरिक तस्वीर को बदलकर कॉर्पोरेट स्तर की सुविधाएं प्रदान करेगा।

यह परियोजना गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए निजी प्ले-स्कूल जैसा वातावरण सुनिश्चित करेगी। यह न केवल पोषण केंद्र है, बल्कि ‘लर्निंग विद फन’ के माध्यम से नौनिहालों के सर्वांगीण विकास का ‘ग्रोथ सेंटर’ बनेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर शिक्षा और स्वास्थ्य के मानकों में सुधार होगा।

हाई-टेक सुविधाएं और दिव्यांग अनुकूल डिजाइन

शहीद भगत सिंह वार्ड के इस भवन को आधुनिक जरूरतों के हिसाब से डिजाइन किया गया है। इसमें डिजिटल लर्निंग के लिए क्लास रूम, अत्याधुनिक डाइनिंग एरिया, हाइजीनिक किचन और प्रशासनिक ऑफिस बनाए गए हैं। संवेदनशीलता दिखाते हुए यहाँ दिव्यांगजनों के लिए विशेष वाशरूम और पूरे परिसर में सुरक्षा हेतु मजबूत बाउंड्रीवाल का निर्माण किया गया है।

खेल-कूद की विश्वस्तरीय व्यवस्था

विधायक राजेश मूणत के विजन के अनुसार, यहाँ बच्चों के लिए बास्केटबॉल, स्विंग, शतरंज, कैरम और फिसल पट्टी जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। उनका संकल्प है कि सरकारी व्यवस्थाओं पर जनता का भरोसा इतना मजबूत हो कि लोग गर्व से इसे अपना ‘महतारी सदन’ कहें। विकास की इसी कड़ी में कल डीडी नगर में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन उद्यान का भूमि पूजन भी किया जाएगा।

  • कुल लागत: लगभग 85 लाख रुपये
  • क्षेत्रफल: 4500 स्क्वायर फुट का विशाल विस्तार।
  • आधुनिक खेल: बास्केटबॉल, पिट-बॉल और डिजिटल लर्निंग की सुविधा।
  • आगामी योजना: रायपुर पश्चिम में ऐसे 4 और हाई-टेक केंद्र लोकार्पण के लिए तैयार।
  • अगला कदम: डीडी नगर में नवीन उद्यान का भूमि पूजन कल सुबह 10:00 बजे

आगामी कुछ ही दिनों में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में तीन और ऐसे ही अत्याधुनिक केंद्रों का लोकार्पण होगा। विधायक मूणत की ‘मास्टर प्लानिंग’ और कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद से क्षेत्र में अधोसंरचना विकास की गति और तेज होने की उम्मीद है।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।