रायपुर। असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली दौरे से लौटने के बाद भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती से मुकाबला करेगी।

भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल के साथ असम विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि 20 तारीख को गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जबकि 21 से 28 तारीख तक जोनल कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे।

परिवारवाद के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है और वहां तानाशाही का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक मजदूर के बेटे हैं, जिन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया, जबकि भाजपा में कार्यकारी अध्यक्ष किस प्रक्रिया से चुने जाते हैं, यह स्पष्ट नहीं है।

See also  गांवों में संक्रमण रोकने के लिए नई गाइडलाइन, स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन अहम बातों पर दिया जोर

साय सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप

बीजापुर में विस्थापितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ये लोग नक्सली भय के कारण अपने घर छोड़कर आए थे और उनके घरों पर बुलडोजर चलाना अमानवीय है। उन्होंने कहा कि ये लोग अतिक्रमण कर व्यवसाय नहीं कर रहे थे और सरकार चाहती तो उनका समुचित पुनर्वास कर सकती थी।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में संवेदनशीलता की कमी है और प्रदेश में अधिकारी राज हावी है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।