Vehicle inspection drive launched statewide: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस के पेड़ से टकराने की घटना में कई मौतों के बाद जागे परिवहन विभाग ने अभियान शुरू किया है। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा प्रदेशभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश एवं अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर 24 एवं 25 अक्टूबर को सभी जिला परिवहन कार्यालयों द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया।
दो दिन में 364 वाहनों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान बीते दो दिनों में विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 364 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 4 लाख 81 हजार 300 रुपए समन शुल्क वसूला है। गंभीर उल्लंघन के मामलों में 5 वाहन जब्त किए गए हैं।
जांच में बिना परमिट संचालित 12 वाहन, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के 10 वाहन, बिना बीमा के 3 वाहन और बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के 27 वाहन पाए गए। इसके अलावा अन्य नियमों के उल्लंघन के 312 मामले सामने आए।
19 परमिट होंगे निरस्त, 17 रायपुर के
नियम विरुद्ध संचालन पाए जाने पर 19 मामलों में वाहन परमिट निरस्त करने के लिए प्रकरण तैयार किए गए हैं, जिनमें 17 मामले अकेले रायपुर जिले के हैं।
अभियान जारी रहेगा
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने सभी वाहन मालिकों और चालकों से वैध परमिट, फिटनेस, बीमा एवं PUC सहित सभी आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त रखने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
- कितने वाहनों पर कार्रवाई हुई?
364 वाहनों पर, 4.81 लाख का समन शुल्क वसूला गया। - कितने परमिट निरस्त होंगे?
19 वाहनों के परमिट निरस्त करने के प्रकरण तैयार, 17 रायपुर के। - अभियान क्यों चलाया जा रहा है?
बस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए। - क्या-क्या कमियां मिली?
बिना परमिट 12, बिना फिटनेस 10, बिना बीमा 3, बिना PUC 27 वाहन मिले।



