टीआरपी। Technical trade tower : राजधानी में आईटी सेक्टर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शीघ्र ही राजधानी में आठ मंजिला टेक्निकल ट्रेड टॉवर का निर्माण शुरू होने जा रहा है। यह टॉवर तेलीबांधा चौक के समीप बनाया जाएगा। टॉवर में को-वर्किंग स्पेस और विविध व्यावसायिक ऑफिस, दुकानें संचालित होंगी। इससे शहरवासियों को सुविधाएं मिलने के साथ ही नगर निगम को भी अतिरिक्त आय होगी।

दो एकड़ क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा

उल्लेखनीय है कि नगर उत्थान योजना के अंतर्गत इस परियोजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से हैदराबाद, मुंबई जैसी मेट्रो सिटी की तर्ज पर अत्याधुनिक टेक्निकल टॉवर का निर्माण किया जाएगा। मरीन ड्राइव के समीप तेलीबांधा क्षेत्र में बन रहे कृष्णकुंज के पास 2 एकड़ भूमि पर टेक्निकल ट्रेड टॉवर आकर्षण का केंद्र होगा।

ट्रेड टॉवर के लिए नगर निगम की योजना शाखा ने ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। शीघ्र ही निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। राजधानी में इस परियोजना से युवाओं को आधुनिक को-वर्किंग स्पेस की सुविधा मिलेगी। मल्टीनेशनल कंपनियों के आने से युवाओं को रोजगार और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

एक परिसर में अनेक सुविधा

सीसीटीवी कैमरा से युक्त ट्रेड टॉवर में मल्टीलेवल पार्किंग, क्लब हाउस, होटल सहित अन्य सुविधाए मिलेगी।

जल्द जारी होगा वर्क ऑर्डर

महापौर मीनल चौबे के अनुसार निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी का चयन कर लिया गया है। जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।