रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार में शनिवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प की जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साफ कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

दरअसल, तमनार क्षेत्र में जिंदल कंपनी की कोयला खदान के विरोध में 14 गांवों के ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे। ग्रामीण गारे पेलमा कोल ब्लॉक की हाल ही में हुई जनसुनवाई को फर्जी बताते हुए लिबरा के सीएचपी चौक पर कंपनी गेट के सामने शांतिपूर्ण धरने पर बैठे थे। आंदोलन के चलते कंपनी में भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया था।

शनिवार को स्थिति संभालने के लिए पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से धरना समाप्त करने की अपील की। इस दौरान विरोध कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद हालात बिगड़ गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एक बस सहित दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

See also  7 जनवरी को रायपुर आएंगे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, मनरेगा आंदोलन की करेंगे समीक्षा

हिंसा में तमनार थाना प्रभारी महिला टीआई कमला पुसाम समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, धरना हटने के बाद जब भारी वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हुआ, तभी खुरूषलेंगा गांव के पास एक भारी वाहन की टक्कर से साइकिल सवार ग्रामीण घायल हो गया। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही टीआई कमला पुसाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पथराव भी किया।

मुख्यमंत्री ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।