रायपुर। केंद्रीय बजट के खिलाफ युवा कांग्रेस ने जयस्तंभ चौक पर अनोखे तरीके से विरोध जताया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम लोगों को लॉलीपॉप बांटकर बजट के प्रति अपनी नाराज़गी जाहिर की।

युवा कांग्रेस का आरोप है कि इस बार भी केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ को नजरअंदाज किया गया है। न आम जनता के लिए कोई ठोस प्रावधान किए गए हैं और न ही युवाओं के रोजगार व विकास से जुड़ी कोई बड़ी घोषणा की गई है। उनका कहना है कि युवाओं को सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं, जमीन पर कुछ नहीं।

भाजपा नेताओं के मुखौटे पहनकर किया प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं के मुखौटे पहनकर नारे लगाए। उन्होंने कहा कि संसद में पेश किया गया बजट छत्तीसगढ़ और राज्य के युवाओं के लिए निराशाजनक है।

आकाश शर्मा ने आरोप लगाया कि खनिज संपदा से भरपूर होने के बावजूद केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ से भारी राजस्व वसूलती है, लेकिन बदले में राज्य को न तो प्राथमिकता दी जाती है और न ही रोजगार सृजन से जुड़ी कोई ठोस योजना दी जाती है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हर बार की तरह इस बार भी छत्तीसगढ़ को सिर्फ लॉलीपॉप दे रही है। जब तक राज्य को उसका हक नहीं मिलेगा, युवा कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।

इस दौरान गुलिया अहमद, आदिल आलम खैरानी, सतीश ठाकुर, फहीम शेख, अपराजीत तिवारी, अर्जुन श्रीवास्तव, नवाज़ खान, विपुल चौबे, दिनेश मिश्रा, वैभव समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।