0 एक करोड़ का मुआवजा व आश्रित को नौकरी देने रखी मांग

बेमेतरा। जिले के ग्राम हरदी में टार्जन गायकवाड़ नामक युवक की इस वजह से चाकू मारकर हत्या कर दी गई, क्योंकि उसने सतनामी समाज के खिलाफ नाबालिग आरोपी द्वारा किए गए पोस्ट को हटाने कहा था। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सतनामी समाज में आक्रोश है। इसी के चलते घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग रात के वक्त थाना पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। अगली सुबह पीएम के बाद शव को मुख्य चौक में लाकर चक्काजाम किया गया।

पोस्ट हटाने की बात पर हो गई हत्या

टार्जन गायकवाड़ के पिता गुलाब गायकवाड़ ने नवागढ़ थाने में जो प्राथमिकी दर्ज कराई है, उसमें लिखा है कि 14 अगस्त को प्रतापपुर स्कूल में जय श्री राम का नारा लगाने के बाद एक शिक्षक को हटाए जाने के बाद नाबालिग आरोपी ने अपने मोबाइल में आपत्तिजनक स्टोरी डाली थी।

इस पोस्ट को हटाने के लिए टार्जन ने कहा था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने देख लेने की धमकी देकर गांव से बाहर चला गया था। 24 सितम्बर को वह गांव लौटा और 25 सितंबर को शाम लगभग सात बजे दुकान के पास आकर विवाद करते हुए चाकू से वार कर दिया। इस घटना को आसपास के लोगों ने देखा।

See also  सोशल मीडिया पर घंटों समय बिताने से मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है बुरा असर, तो अपनाएं यह आदत

टार्जन को अस्पताल ले जाने 108 से संपर्क किया गया पर सफलता नहीं मिली। इस बीच नवागढ़ पुलिस पहुंची और टार्जन को अस्पताल लेकर आई पर जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। नवागढ़ थाना में प्रार्थी गुलाब गायकवाड की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ 103 एक, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अधिनियम 1989 3(2) (5) के तहत अपराध दर्ज किया है । पुलिस ने प्रकरण पर विवेचना शुरू कर दी है।

छावनी में तब्दील हुआ नवागढ़


गुरुवार की रात हुई हत्या के बाद आरोपी को तत्काल पकड़ लिया गया। थाना प्रभारी एसी बंजारे ने बताया कि सड़क किनारे शराब पीने की मौखिक शिकायत पर हम क्षेत्र में ही थे। वापसी के दौरान हरदी में कुछ लोगों को एकत्र देखकर रुके तब घटना की जानकारी मिली और टार्जन को लेकर अस्पताल लाए। आरोपी को पकड़ने के अलावा सामाजिक अनहोनी की आशंका में उसके परिजनों को थाना लेकर आए।

See also  केंद्र से लौटे IAS सोनमणि बोरा को मिली इस विभाग की जिम्मेदारी, देखें आदेश…

थाना प्रभारी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर पूरे जिले की पुलिस टीम नवागढ़ पहुंची थीं। पीड़ित परिवार ने राज्य सरकार के सामने अपनी मांग रखी है। एसडीएम को ज्ञापन दिया है। स्थिति नियंत्रण में है।

युवक की मौत को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी देने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ का मुआवजा देने, एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर एसडीएम दिव्या पोटाई को ज्ञापन सौंपकर दस दिनों के भीतर निराकरण करने की मोहलत दी है। साथ ही यह भी कहा है कि दस दिन में यदि मांग नही मानी गईं तो सामाजिक बैठक कर अगली रणनीति तय करेंगे।

एक सप्ताह में दूसरी हत्या

नवागढ़ थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के अंदर यह दूसरी हत्या हुई है। रविवार को ग्राम नांदल में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। इसके बाद  ग्राम हरदी में हत्या हो गई। नांदल में लोग अवैध शराब बिक्री को लेकर हंगामा किए, तो निर्दोष युवक की हत्या को लेकर हरदी सहित आसपास के लोगों ने प्रदर्शन किया है

See also  राम नाम का क्रॉप टॉप पहनने पर ट्रोल हुई ये एक्ट्रेस, आफत के बाद डिलीट किया फोटो

गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग

इधर कांग्रेसी नेता विजय बघेल ने हरदी में युवक की हुई हत्या को लेकर राजीव गांधी चौक में धरना प्रदर्शन में शामिल होकर राज्य सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताते हुए मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग की है।