जमीन विवाद के चलते दिनदहाड़े व्यवसायी की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

टीआरपी डेस्क। जमीन विवाद को लेकर पति-पत्नी ने सब्बल से सिर पर हमला कर धमतरी जिले के एक व्यवसायी की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। इस घटना के बाद से ही शहर के व्यवसायियों में काफी आक्रोश है।

अर्जुनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मई की सुबह धमतरी के मैत्री विहार कालोनी निवासी राजेंद्र पारख 55 वर्ष पुत्र स्वर्गीय घेवरचंद पारख अपने जमीन में कार्य कराने के लिए तीन मजदूरों के साथ गए थे। दो मजदूर पानी लाने के लिए गांव की ओर गए और एक मजदूर भिराई निवासी नेतराम साहू काम कर रहा था।
इस दौरान राजेंद्र पारख अकेला था और वह घर जाने की तैयारी में था, तभी अमेठी निवासी फिरंगी निर्मलकर और उसकी पत्नी कुलेश्वरी बाई निर्मलकर व्यवसायी के जमीन के पास पहुंचकर जमीन विवाद को लेकर लड़ाई-झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ा तो आरोपित फिरंगी निर्मलकर व पत्नी कुलेश्वरी ने मिलकर व्यवसायी राजेंद्र पारख के सिर पर सब्बल से हमला कर दिया। हमले से वह जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

See also  परिजनों के खाते में जमा किए नगर निगम के पौन करोड़ रु, दो कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज

उनके परिजन मौके पर पहुंच कर उन्हें स्कूटी में बिठाकर उपचार के लिए धमतरी शहर के मसीही अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही अर्जुनी पुलिस के थाना प्रभारी गगन बाजपेयी व पुलिस टीम हत्या करने वाले आरोपित फिरंगी निर्मलकर व उसकी पत्नी कुलेश्वरी बाई निर्मलकर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर आगे की जांच में जुट गई है।

उल्लेखनीय है कि मृतक राजेंद्र पारख जैन समाज के कोषाध्यक्ष थे। उनके इस हत्या को लेकर जैन समाज के व्यवसायियों और लोगों में काफी आक्रोश है। समाज जनों ने दोनों हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।