बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 लाख रुपये कीमत का 92 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी 12 बड़े बैगों में गांजा भरकर महिंद्रा बस के जरिए छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वाड्रफनगर पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी की और बस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 92 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

वाड्रफनगर एसडीओपी राम अवतार ध्रुव ने बताया, मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर हमारी टीम ने तत्काल कार्रवाई की। बस को रोककर तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।