DJ dispute leads to murder: छत्तीसगढ़ की पुलिस डीजे पर सख्ती से रोक नहीं लगा पा रही है उल्टे इस कानफोडू साउंड सिस्टम के चलते हत्या जैसी वारदात तक होने लगी है। पिछले दिनों राजधानी में डीजे को लेकर हुई चाकूबाज़ी में एक किशोर की मौत हो गई थी, अब बिलासपुर जिले के मस्तूरी में इसी झगड़े में एक युवक की जान चली गई, वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए।
मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा-जनकपहरी में गणेश उत्सव के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुए विवाद ने पुरानी रंजिश को भड़का दिया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने लाठी, डंडा, कुल्हाड़ी चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज की मौत हो गई, चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 75 साल के बुजुर्ग समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं इस हत्याकांड में एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
गणेश पंडाल में DJ बजाने पर शुरू हुआ विवाद
मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा-जनकपहरी में 20 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे गणेश पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते यह पुरानी रंजिश के साथ खूनी झड़प में बदल गई।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज, रवि और व्यास नारायण पर लाठी, डंडा, कुल्हाड़ी और लोहे की छुरी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए विद्याकांत, विक्रम और लक्की उर्फ विकास पर भी हमला किया। घायलों को सिम्स बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शैलेष को मृत घोषित कर दिया।
हत्या की इस वारदात में 75 साल के बुजुर्ग समेत 13 लोग गिरफ्तार हुए हैं, वहीं एक नाबालिग भी पकड़ाया है। मस्तूरी पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी:
बोधीराम राठौर (75), संतोष राठौर (47), दिलीप कुमार (45), दीपक कुमार (42), आकाश राठौर (19), शंकर उर्फ नंदू (33), आकाश उर्फ मोनू (19), सूरज कुमार (40), रोहित कुमार (36), सुनील उर्फ राजा (28), प्रकाश उर्फ लालू (23), रवि कुमार (25), आयुष राठौर (21)। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
हथियार बरामद, BNS के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा, लोहे की छुरी और कुल्हाड़ी जब्त की है। मस्तूरी थाने में अपराध BNS की विभिन्न धाराओं में दर्ज कर 22 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. मस्तूरी में हत्या की वारदात कहां और कब हुई?
— बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा-जनकपहरी में 20 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे गणेश पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था।
Q2. विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और किसकी मौत हुई?
— गणेश पंडाल में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। हमले में शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज की मौत हो गई, जबकि व्यास नारायण, रवि, विकास और विक्रम गंभीर रूप से घायल हुए। सभी का इलाज सिम्स बिलासपुर में चल रहा है।
Q3. पुलिस ने इस मामले में कितने लोगों को गिरफ्तार किया है?
— मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने 75 साल के बुजुर्ग बोधीराम राठौर समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के पास से लाठी-डंडा, लोहे की छुरी और कुल्हाड़ी जब्त की गई है।



