Karnataka Murder Case: कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले से दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। बेंगलुरु के एक कैब ड्राइवर ने एक ही परिवार के सात लोगों की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि, आरोपी ने बेरहमी से हत्या करने के बाद सभी के शव अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए।
यह घटना नंदी हिल्स की तलहटी के पास की है। मृतकों में एक महिला, उसकी मां, दो भाइयों, उनकी पत्नियों और सात साल के एक बच्चे समेत एक ही परिवार के सात लोग शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि, इस वारदात को महिला के पति इंदुशेखर उर्फ शेखर (52) ने अंजाम दिया है। आरोपी इंदुशेखर मूल रूप से बेंगलुरु के राजाजीनगर का रहने वाला है और कैब चलाता है। फिलहाल पुलिस ने केवल सात साल के बच्चे पुनीत का शव बरामद किया है, जबकि बाकी छह शवों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
सिलबट्टे से की गई सभी की हत्या
पुलिस ने मृतकों की पहचान शेखर की पत्नी सुनीता, उसकी सास रूपावती, दो सालों शिवकुमार और शंकर, उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी तथा शिवकुमार के बेटे पुनीत के रूप में की है। शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि शेखर ने दो दिनों के दौरान सुनीता के परिवार के सदस्यों को अलग-अलग समय पर अपने घर बुलाया और कथित तौर पर सिलबट्टे के पत्थर से कुचलकर उनकी हत्या कर दी।
पति-पत्नी के बीच था विवाद
इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब नलिनी की मां ने बेंगलुरु के श्रीरामपुरा पुलिस थाने में अपनी बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान जब पुलिस का शक शेखर पर गया और उससे कड़ाई से पूछताछ की गई। तब हत्या का रोज खुला। शुरुआती जांच में पता चला कि, शेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। दोनों राजाजीनगर में भाष्यम सर्कल के पास एक इमारत की छत पर बने एक छोटे से कमरे में रहते थे। पुलिस के अनुसार, सुनीता के मायके के संपर्क में रहने की वजह से दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इसी रंजिश के चलते शेखर ने हत्याकांड को अंजाम दिया। इससे पहले परिवार के सदस्यों ने दोनों के बीच मतभेद खत्म करने की कोशिश भी की, लेकिन हालात जस के तस थे।
नंदी हिल्स की तलहटी में शवों की तलाश जारी
आरोपी ने पूछताछ में शवों को नंदी हिल्स की तलहटी में ठिकाने लगाने की बात कही थी। जिसके बाद पुलिस ने शवों की तलाश शुरू की। कई घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार को सात साल के पुनीत का शव बरामद कर लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, शेखर ने नंदी हिल्स की तलहटी के आसपास और चामराजपेट हिल्स के पास कई जगहों पर शव फेंके थे। हालांकि, ये इलाके खड़ी ढलान वाले हैं, इसलिए आशंका है कि शव ढलान से नीचे गहरे जंगलों में जा गिरे हैं, जिससे उनकी तलाश करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। उत्तर डिवीजन के पुलिस उपायुक्त बाबासाब नेमागौड़ा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और बाकी छह शवों को बरामद करने के लिए तीन सहायक पुलिस आयुक्तों की एक विशेष टीम गठित कर जांच की जा रही है।



