Kidnapping of College Professor: रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता (49 वर्ष) के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर को आरोपियों ने किडनैप कर न सिर्फ बंधक बनाया बल्कि उनके UPI अकाउंट से करीब 1 लाख रुपये भी ट्रांसफर करा लिए। एसएसपी के निर्देश पर पुसौर पुलिस ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर प्रोफेसर को सकुशल बरामद कर लिया है।
पीड़ित कपूर चंद गुप्ता पिता डमरूधर गुप्ता निवासी जकेला ने बताया कि 5 अक्टूबर 2026 की शाम 6 से 7 बजे के बीच वह गांव में डीपापारा एवं शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान दो व्यक्ति आए, उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन, छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी।
UPI से 1 लाख की लूट – QR कोड मंगवाकर ट्रांसफर
आरोपियों ने प्रोफेसर को मोटरसाइकिल से ग्राम पंडरीपानी थाना भूपदेवपुर क्षेत्र में ले जाकर मारपीट की। बाद में उन्हें एक कार में शिफ्ट कर दिया गया। इस दौरान मोबाइल का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App का पासवर्ड हासिल कर लिया। फिर एक महिला से फोन पर संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया और लगातार रकम ट्रांसफर कराई। लिमिट खत्म होने तक करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
परिवार को गुमराह करने की कोशिश
रकम ट्रांसफर कराने के दौरान आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर घर पर फोन करवाया और कुशल-मंगल होने की बात कहलवाई ताकि परिजनों को शक न हो। बाद में उन्हें पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।
परिजनों की सूझबूझ और पुलिस का रेस्क्यू
इस दौरान परिजनों को संदेह हुआ तब प्रोफेसर के बेटे ने अपने स्तर पर लोकेशन ट्रेस की और वे पंडरीपानी पहुंच गए। हालांकि भनक लगते ही अपहर्ता फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाए।
24 घंटे में पकड़ाया 1 आरोपी, पैसा सुरक्षित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल निर्देश दिए। पुसौर पुलिस ने रातभर दबिश देकर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने जिस महिला के खाते में रकम गई थी, उससे संपर्क कर पूरी रकम सुरक्षित करा ली है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
वारदात में 4 आरोपी थे शामिल
एसएसपी ने बताया कि अपहरण की इस वारदात में कुल 4 लोगों के शामिल होने का पता लगा है। थाना पुसौर में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। रेस्क्यू में उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्र.आर. बसंत पांडे, डोल नारायण साव, आरक्षक धनुर्जय, दिलीप सिदार, राहुल सिदार की अहम भूमिका रही।
SSP का बयान: SSP शशि मोहन सिंह ने कहा- “अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हुई है। सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. रायगढ़ में प्रोफेसर अपहरण की घटना कहां हुई?
Ans. पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में 5 अक्टूबर शाम को प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता इवनिंग वॉक पर निकले थे, तभी दो युवकों ने उनका अपहरण कर लिया।
Q2. आरोपियों ने कितने पैसे लूटे?
Ans. आरोपियों ने प्रोफेसर के मोबाइल का पासवर्ड लेकर Google Pay और BHIM App से महिला के QR कोड पर करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर कराए।
Q3. पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
Ans. पुसौर पुलिस ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर प्रोफेसर को पंडरीपानी से सकुशल बरामद किया, आरोपी सुनील सारथी को 24 घंटे में गिरफ्तार किया और लूटी गई रकम को सुरक्षित करा लिया।



