Cryptocurrency Fraud: राजधानी रायपुर में क्रिप्टो करेंसी और USDT ट्रेडिंग के नाम पर अब तक की सबसे बड़ी ठगी सामने आई है। कोचिंग के एक छात्र ने ही अपने शिक्षक को 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपये का चूना लगा दिया और अब उसका पूरा परिवार मकान में ताला लगाकर फरार हो गया।

आजाद चौक पुलिस ने नेहल अग्रवाल, ललित अग्रवाल उर्फ लक्की, विवेक अग्रवाल, सीमा अग्रवाल और नमित अग्रवाल उर्फ विक्की के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज की है।

गुरु-शिष्य के रिश्ते में सेंध: कैसे फंसा शिक्षक?

शिकायतकर्ता पुष्कर जैन, समता कॉलोनी, बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे रहते हैं और गोदावरी सेवा सदन में ‘प्राइम प्रोफेशनल क्लासेस’ के नाम से कॉमर्स की कोचिंग चलाते हैं।

2020-21 में उनकी पहचान कोचिंग के छात्र नेहल अग्रवाल से हुई। नेहल ने बताया कि वह परिवार के साथ क्रिप्टो और USDT ट्रेडिंग करता है, जिसमें 25-30% मासिक मुनाफा होता है और निवेशकों को 8-10% फिक्स रिटर्न दिया जाता है। खुद का 3 करोड़ लगा होने का दावा भी किया।

शुरुआत में कुछ महीने तक मुनाफा देकर विश्वास जीता, फिर शिक्षक ने जमा पूंजी, बैंक लोन और उधारी से करोड़ों लगा दिए।

कब-कब दिए पैसे? RTGS का पूरा हिसाब

22 अगस्त 2024 से 3 फरवरी 2026* के बीच ऑनलाइन ट्रांसफर हुए:

– नेहल अग्रवाल को: 22 अगस्त 2024 – 10 लाख, 5 सितंबर – 20 लाख, 6 सितंबर – 20 लाख

– ललित अग्रवाल को: 21 सितंबर – 24 लाख, 18 अक्टूबर – 10 लाख, 6 दिसंबर – 11 लाख, 16 दिसंबर – 11 लाख, 10 जनवरी 2025 – 30 लाख, 14 जनवरी 2026 – 5 लाख

– विवेक अग्रवाल को: 28 अक्टूबर 2024 – 4 लाख

– सीमा अग्रवाल को: 3 फरवरी 2026 – 9.90 लाख

कुल: 1,54,90,000 रुपये।

परिवार ने दी गारंटी, फिर दो दिन में फरार

जनवरी 2025 में पुष्कर जैन मोवा स्थित CG हाइट्स में आरोपियों के घर पहुंचे। वहां सीमा देवी, संजय, ललित, विवेक ने 2 महीने में पैसा लौटाने का भरोसा दिया। पैसा नहीं आया।फिर नमित उर्फ विक्की ने संपर्क कर व्यक्तिगत गारंटी पर दोबारा निवेश को कहा। 3 फरवरी 2026 को 9.90 लाख लेने के दो दिन बाद ही पांचों मोबाइल बंद कर रायपुर से फरार हो गए। घर पर ताला लटका मिला।

आजाद चौक पुलिस ने *धोखाधड़ी (BNS 318) सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की है। मोवा और समता कॉलोनी के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

FAQ: क्रिप्टो करेंसी से ठगी

सवाल: ठगी कितने की हुई?

1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपये।

सवाल: पीड़ित और आरोपी कौन हैं?

पीड़ित समता कॉलोनी के कोचिंग संचालक पुष्कर जैन, आरोपी उनके छात्र नेहल अग्रवाल सहित अग्रवाल परिवार के 5 सदस्य।

सवाल: ठगी का तरीका क्या था?

क्रिप्टो और USDT ट्रेडिंग में 25-30% मासिक मुनाफा और निवेशकों को 8-10% फिक्स रिटर्न का झांसा।

सवाल: FIR कहां दर्ज हुई?

आजाद चौक थाना रायपुर में।