महासमुंद। छत्तीसगढ़ में धान की सरकारी खरीदी प्रारंभ होने से पहले ही बाहरी इलाकों से धान लाकर खपाने का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि इसे रोकने के लिए जिलों में प्रशासन द्वारा नाकों की स्थापना के आलावा निगरानी दल बनाये गए हैं। बावजूद इसके अलग-अलग रास्तों से चोरी छिपे दूसरे राज्यों से धान की अवैध तरीके से आवक शुरू हो गई है। इसी कड़ी में ओडिशा से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की विभिन्न समितियों में खपाने का खेल शुरू हो चुका है।

कृषि उपज मंडी समिति बसना के उपनिरीक्षक खुलूराम यादव की टीम ने सुबह 5 बजे ओड़िसा से बसना की ओर आ रहे ट्रैक्टर को पलसापाली अंतरराज्यीय जांच बैरियर पर रोका। उससे पूछताछ की। संदिग्ध मामला मानते हुए ट्रैक्टर को मंडी उड़नदस्ता टीम की सहायता से बसना कृषि उपज मंडी लाया गया।

जांच में पता चला कि ट्रैक्टर में 131 पैकेट मोटा धान भरकर रखा गया था। ओडि़शा के इस चावल को छत्तीसगढ़ की सोसाइटी में खपाने की तैयारी थी। पूछताछ में पता चला कि ट्रैक्टर मालिक पूर्णचंद्र मेहेर है। वह ओड़िसा के बरगढ़ में दहीता गांव का रहने वाला है। बताते हैं कि रात के अंधेरे में इस धान को ओड़िसा से छत्तीसगढ़ लाकर स्थानीय सोसाइटियों में खपाने की तैयारी थी। आशंका जताई जा रही है कि इस तरह के कई खेप लाकर किसी सुरक्षित जगहों पर स्टॉक किए जा रहे होंगे, जिन्हें धान खरीदी शुरू होते ही अवैध तरीके से खपाया जाएगा।

See also  मिशन 2023 : प्रदेश प्रभारी सप्तगिरि शंकर कल आएंगे राजधानी

इस ट्रैक्टर को जब्त कर मंडी अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की गई। यह संपूर्ण कार्रवाई कलेक्टर महासमुंद विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर व एसडीएम बसना हरिशंकर पैकरा के मार्गदर्शन में मंडी सचिव श्रवण कुमार कुरुवंशी, मंडी उपनिरीक्षक खुलूराम यादव, दिनेश कुमार साहू और शम्मी कुमार की टीम ने की।