Greater Noida Mall Incident: ग्रेटर नोएडा वेस्ट (ग्रेनो वेस्ट) स्थित गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के यूएस सिनेमा में गुरुवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फिल्म रामायण की स्क्रीनिंग के दौरान अचानक प्रोजेक्टर रूम से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं फैलने से दर्शकों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए सिनेमा प्रबंधन ने फिल्म का शो बीच में ही रुकवा दिया और ऑडिटोरियम खाली करा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, घटना थाना बिसरख क्षेत्र के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल स्थित यूएस सिनेमा की है। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे ऑडिटोरियम नंबर-10 में रामायण फिल्म का शो चल रहा था। इसी दौरान प्रोजेक्टर रूम में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे बिजली के तार गर्म होने लगे और कमरे में धुआं भर गया। प्रोजेक्टर रूम से धुआं निकलता देखकर दर्शक घबरा गए।
अग्निशमन यंत्र से बुझाई गई शुरुआती आग
घटना के समय ऑडिटोरियम नंबर-10 में करीब 25 दर्शक फिल्म देख रहे थे। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से तारों में लगी आग को शुरुआती स्तर पर ही बुझा दिया। इसके बाद सिनेमा प्रबंधन ने तत्काल दर्शकों को बाहर निकालना शुरू किया। करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
तीन ऑडिटोरियम में रोकनी पड़ी स्क्रीनिंग
प्रोजेक्टर रूम में धुआं निकलने की घटना के बाद एहतियातन सिनेमा के तीन ऑडिटोरियम में फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम और बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि किसी दर्शक या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
शो रुकने पर दर्शकों को लौटाए टिकट के पैसे
अचानक शो बंद होने से दर्शकों को काफी परेशानी हुई। इसके बाद सिनेमा प्रबंधन की ओर से टिकट की रकम वापस कर दी गई। शुरुआती जांच में प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली के तार गर्म होने और धुआं निकलने की बात सामने आई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



