टीआरपी डेस्क। पाकिस्तान में सिंधु नदी के पानी को लेकर हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। भारत द्वारा सिंधु जल समझौते को रोकने के बाद पाकिस्तान के सिंध प्रांत में तनाव और भी बढ़ गया है। सिंधु नदी पर विवादास्पद नहर निर्माण के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन अब हिंसक प्रदर्शन में बदल गया है।

पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, सिंध में भारी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे और पुलिस से उनकी तीखी झड़प हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज किया और गोलियां भी चलाईं। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पुलिस उपाधीक्षक (DSP) समेत कई लोग घायल हो गए हैं।

जैसे ही एक प्रदर्शनकारी की मौत की खबर फैली, हालात और बिगड़ गए। गुस्साए लोगों ने दो ट्रेलरों में आग लगा दी और सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लंजर के घर पर धावा बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और उसके कुछ हिस्सों को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा, कई मोटरसाइकिलों को भी आग लगा दी गई।

See also  जी-20 शिखर सम्मेलन में बदले शी जिनपिंग के सुर,बोले- वार्ता के जरिए विवादों के हल को हैं तैयार, मोदी से होगा आमना सामना

प्रदर्शनकारियों के हाथों में बंदूकें भी देखी गईं, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। सिंधु नदी के जल बंटवारे को लेकर स्थानीय लोग खुद को शोषित महसूस कर रहे हैं और सरकार पर भेदभाव का आरोप लगा रहे हैं। हालात पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन तनाव अब भी कायम है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।