Winter Foot Care: सर्दियों के मौसम में चेहरे और हाथों की त्वचा का तो हम खूब ध्यान रखते हैं, लेकिन अक्सर पैरों को नजरअंदाज कर देते हैं। ठंड के दिनों में हवा में नमी कम होने के कारण एड़ियों पर सूखी और परत जमने लगती है। समय रहते इनकी देखभाल न की जाए, तो ये दरारें गहरी और दर्दनाक बन सकती हैं।
अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो सर्दियों में फटी एड़ियों की देखभाल के लिए इन आसान तरीकों को अपना सकते हैं।
नहाने के बाद लगाएं मॉइस्चराइजर
सर्दियों में नहाने के बाद पैरों को तौलिए से हल्के हाथों से सुखाएं। जब एड़ियों की त्वचा थोड़ी नम हो, तभी उन पर गाढ़ा मॉइस्चराइजर या क्रीम लगा लें। इससे त्वचा में नमी लंबे समय तक बनी रहती है। इसके अलावा, यूरिया युक्त फुट क्रीम का इस्तेमाल करने से भी सख्त और रूखी त्वचा को मुलायम करने में काफी मदद मिल सकती है।
रात में पेट्रोलियम जेली का करें इस्तेमाल
रात को सोने से पहले पैरों को अच्छी तरह धोकर साफ करें। इसके बाद एड़ियों पर पेट्रोलियम जेली की एक मोटी परत लगाएं। पेट्रोलियम जेली लगाने के बाद सूती मोजे पहनकर सोएं। ऐसा करने से त्वचा की नमी लॉक हो जाती है और एड़ियों का रूखापन धीरे-धीरे कम होने में मदद मिलती है।
बहुत गर्म पानी से धोएं से बचें पैर
सर्दियों के मौसम में गर्म पानी से नहाना या हाथ-पैर धोना अच्छा लगता है, लेकिन बहुत अधिक गर्म पानी त्वचा की नेचुरल नमी को छीन लेता है। हमेशा गुनगुने पानी का ही इस्तेमाल करें। साथ ही, पैरों को बहुत देर तक पानी में भिगोकर रखने से भी परहेज करें।
सख्त त्वचा को धीरे-धीरे करें साफ
यदि एड़ियों पर पहले से ही मोटी और सख्त त्वचा जम चुकी है, तो उसे हटाने के लिए जल्दबाजी न करें। गुनगुने पानी में पैर साफ करने के बाद किसी मुलायम फुट फाइल का इस्तेमाल करके हल्के हाथों से मृत त्वचा को साफ कर सकते हैं। ध्यान रखें कि एड़ियों की सख्त त्वचा को कभी भी ब्लेड, कैंची या किसी अन्य धारदार चीज से काटने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे चोट लगने और संक्रमण का खतरा काफी बढ़ सकता है।
पहनें सही और आरामदायक जूते-चप्पल
सर्दियों में ऐसे जूते या चप्पल पहनें जो आपकी एड़ियों को पूरा सहारा दें और चलते समय पैरों को सुरक्षित रखें। बहुत अधिक खुली या ढीली चप्पलें पहनने से एड़ियों पर दबाव बढ़ सकता है, जिससे दरारें गहरी हो सकती हैं। ठंड के मौसम में पैरों को सुरक्षित और गर्म रखने के लिए हमेशा मोजे पहनकर रखें।
पैरों की नियमित सफाई और नमी
फटी एड़ियों से बचाव के लिए जरूरी है कि आप रोजाना अपने पैरों को साफ रखें और धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह सुखा लें। एड़ियों पर नियमित रूप से मॉइस्चराइजर लगाने की आदत डालें। इसके अलावा, इस बात का भी विशेष ध्यान रखें कि कभी भी लंबे समय तक गीले मोजे पहनकर न रहें। रोजाना की सही देखभाल से त्वचा का रूखापन आसानी से दूर किया जा सकता है।



