Electric Kettle Cleaning Tips: सुबह की चाय से लेकर झटपट कॉफी और सूप तक, इलेक्ट्रिक केतली किचन के कई काम आसान कर देती है। लेकिन रोजाना इस्तेमाल के बाद इसकी सफाई करना उतना आसान नहीं होता। खासकर केतली की तली में जमने वाली सफेद परत और अंदर की गंदगी परेशानी बढ़ा देती है।
ऐसे में केतली को लंबे समय तक साफ-सुथरा रखने के लिए इसकी नियमित सफाई जरूरी है। अगर आपकी केतली भी बार-बार इस्तेमाल के चलते गंदी हो गई है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से इसकी सफाई आसानी से की जा सकती है। आइए जानते हैं इलेक्ट्रिक केतली को साफ करने के आसान घरेलू तरीके
सफेद सिरके से ऐसे करें सफाई
अगर इलेक्ट्रिक केतली ज्यादा गंदी हो गई है, तो सफेद सिरके की मदद ली जा सकती है। इसके लिए केतली में 1 कप पानी और 1/2 कप सफेद सिरका डालें। इसके बाद स्विच ऑन करके मिश्रण को 2-3 मिनट तक उबलने दें। पानी फेंकने के बाद केतली को सामान्य तरीके से धो लें।
नींबू और बेकिंग सोडा आएगा काम
केतली साफ करने के लिए 2 कप पानी में 1 चम्मच बेकिंग सोडा और 1 नींबू का रस मिलाएं। इस मिश्रण को केतली में डालकर 2-3 मिनट तक उबालें। इसके बाद पानी को करीब 15 मिनट तक ठंडा होने दें। फिर केतली को सादे पानी से धो लें।
बेकिंग सोडा और डिश सोप का इस्तेमाल
नींबू उपलब्ध न हो तो बेकिंग सोडा और डिश सोप से भी केतली की सफाई की जा सकती है। इसके लिए 1 चम्मच बेकिंग सोडा में 3-4 बूंद डिश सोप मिलाएं। इसे केतली में डालकर थोड़ा सा पानी डालें और स्विच ऑन करें। 2-3 मिनट तक उबालने के बाद पानी फेंक दें। इसके बाद केतली में सादा पानी डालकर साफ कर लें।
इलेक्ट्रिक केतली साफ करते समय इन बातों का रखें ध्यान
केतली को लंबे समय तक साफ न करने पर उसके नीचे सफेद परत जमने लगती है। इसलिए इसे रोजाना साफ करना चाहिए।
- इलेक्ट्रिक केतली को पानी में पूरी तरह डुबोकर सामान्य बर्तन की तरह न धोएं।
- सफाई के बाद केतली को सूखने के लिए खुला छोड़ दें।
- केतली साफ करते समय उसका प्लग निकाल दें और उस पर पानी न जाने दें।
- रोजाना की सफाई के लिए मुलायम ब्रिसल वाले ब्रश या स्पंज का इस्तेमाल करें।
- केतली धोने के बाद कम से कम 1-2 घंटे तक इसका इस्तेमाल न करें।



