Ganesh Chaturthi Modak Recipe: इस साल गणेश चतुर्थी 14 सितंबर, सोमवार को मनाई जाएगी। इसी के साथ गणपति उत्सव की शुरुआत होगी। बप्पा को मोदक बेहद प्रिय माना जाता है, इसलिए इस मौके पर घरों में तरह-तरह के मोदक बनाए जाते हैं।
इस बार आप पारंपरिक उकडीचे मोदक के साथ चॉकलेटी, केसरी मावा, ड्राई फ्रूट्स और पान फ्लेवर मोदक भी बना सकते हैं। इन सभी मोदक की खासियत इनकी अलग-अलग स्टफिंग और स्वाद है। बच्चों के लिए चॉकलेटी मोदक पसंद किए जा सकते हैं, जबकि पारंपरिक स्वाद के लिए उकडीचे मोदक अच्छा विकल्प हैं।
उकडीचे मोदक
महाराष्ट्र की पारंपरिक संस्कृति में उकडीचे मोदक का विशेष महत्व है। इसे बनाने के लिए ऊपर की लेयर चावल के आटे से तैयार की जाती है। इसके अंदर गुड़ और कद्दूकस किए गए नारियल-खसखस की फिलिंग भरी जाती है। इस मोदक की खासियत यह है कि इसमें मिठास भरपूर होने के साथ बिल्कुल हल्का सा नमक का स्वाद भी होता है, जो इसके स्वाद को संतुलित करता है।
बच्चों की पसंद चॉकलेटी मोदक
बच्चों को चॉकलेट का स्वाद बहुत लुभाता है। पिछले कुछ सालों में चॉकलेटी मोदक काफी पॉपुलर हुए हैं। आप भी इसे घर पर बना सकते हैं। इसे बनाने के दो तरीके हैं। आप इसे लावा केक की तरह तैयार कर सकते हैं या फिर इसके अंदर ड्राई फ्रूट्स, सीड्स और नट्स की फिलिंग भर सकते हैं।
मावा केसरी मोदक की मिठास
अगर आप कुछ रिच और जल्दी बनने वाला भोग चाहते हैं, तो मावा के केसरी मोदक बेहतरीन विकल्प हैं। इसे बनाने के लिए मावा को कुछ देर के लिए भून लें। इसके बाद इसे ठंडा होने दें और मिठास के लिए पाउडर शुगर मिलाएं। अब इसे सांचे में डालकर मोदक तैयार कर लें। अंत में 1 चम्मच गुनगुने पानी में केसर मिलाकर इसे सारे मोदक के ऊपर से डाल दें।
हेल्दी और टेस्टी ड्राई फ्रूट्स मोदक
हेल्थ को ध्यान में रखते हुए ड्राई फ्रूट्स के मोदक सबसे उत्तम माने जाते हैं। इसके लिए अलग-अलग तरह के नट्स को देसी घी में भून लें और कूटकर दरदरा कर लें। कुछ नट्स का बारीक पाउडर बना लें। इसके बाद खजूर के बीज निकालकर पीस लें और देसी घी के साथ इस पेस्ट को भून लें। अब खजूर के पेस्ट में नट्स का पाउडर मिलाकर आटे की तरह गूंथ लें। इसे मोदक मोल्ड में डालें और अंदर दरदरे नट्स-ड्राई फ्रूट्स की फिलिंग भरें।
पान फ्लेवर का अनोखा ट्विस्ट
पारंपरिक स्वाद में कुछ नया आजमाने के लिए आप मोदक को पान का ट्विस्ट दे सकते हैं। इसके लिए ट्रेडिशनल मोदक का आटा तैयार करें और उसमें गुलकंद, सौंफ, नारियल का चूरा, टूटी-फ्रूटी और बारीक कटे या क्रश किए पान की स्टफिंग भरें। इसके बाद इसे अच्छी तरह से स्टीम कर लें। कई लोग इसे मावा के साथ भी तैयार करते हैं, जो खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है।



