रविवार, 18 अक्तूबर 2026 रवि, 18 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
Madhya Pradesh

Gwalior Truck Accident: जहां साइकिल तक नहीं जा सकती, वहां ट्रक कैसे पहुंचा? ग्वालियर में 15 मौतें

Gwalior Truck Accident: ग्वालियर में शनिवार देर रात शीतला माता मंदिर के पास धान से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। चीनौर रोड पर […]

Gwalior Truck Accident,
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Gwalior Truck Accident: ग्वालियर में शनिवार देर रात शीतला माता मंदिर के पास धान से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

चीनौर रोड पर ढलान के पास ट्रक बेकाबू हुआ और पुलिस चेकपोस्ट तोड़ते हुए मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। हादसे के बाद मृतकों के परिजन ने पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक, मंदिर की दीवार ढही

हादसा देर रात करीब 1:30 बजे हुआ। श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से धान से भरा ट्रक आया। ढलान पर ट्रक बेकाबू हो गया और चेकपोस्ट तोड़ते हुए लोगों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। टक्कर से दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जहां साइकिल नहीं जा सकती, वहां ट्रक कैसे पहुंचा?

हादसे के बाद पोस्टमॉर्टम रूम के पास मृतकों के परिजन और अन्य लोग आक्रोशित हैं। पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वे सवाल कर रहे हैं कि जिस जगह साइकिल तक नहीं जा सकती, वहां इतना बड़ा ट्रक कैसे पहुंच गया। पोस्टमॉर्टम रूम के पास पुलिस और परिजन के बीच गहमागहमी जारी रही। परिजन ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

मृतकों के परिजन को 25 लाख, घायलों को 10 लाख देने की मांग

हादसे के पीड़ितों के परिजन ने सरकार से आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उनका कहना है कि मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये और घायलों को 10 लाख रुपये दिए जाएं। परिजन ने ट्रक चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की भी मांग की है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

मंत्री राकेश शुक्ला बोले- दोषियों पर कार्रवाई होगी

घायलों का हाल जानने मंत्री राकेश शुक्ला ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव घटना पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों और उनके परिजन से भी बात की है। मंत्री के मुताबिक, हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परिजन ने पुलिस और प्रशासन पर जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच हो रही है। सरकारी अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। मंत्री ने बताया कि घायलों की आर्थिक मदद को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है। इस संबंध में जल्द घोषणा हो सकती है।

ग्वालियर हादसे में अब तक 11 मृतकों की पहचान

तहसीलदार मनीष जैन ने हादसे में मृतकों की संख्या 15 होने की पुष्टि की है। अब तक 11 मृतकों की पहचान हुई है।

  1. सत्येंद्र सिंह गुर्जर (22 वर्ष), पिता जगदीश सिंह, निवासी महलगांव।
  2. सरला तोमर (50 वर्ष), पति राजेन्द्र सिंह तोमर, निवासी हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुढ़ा।
  3. गौरव परिहार (18 वर्ष), पिता कमलेश परिहार, निवासी बड़ागांव, खुरेरी।
  4. महेश शर्मा (45 वर्ष), पिता मातादीन शर्मा, निवासी सहसराम गसवानी, जिला श्योपुर।
  5. विमलेश (18 वर्ष), पिता बबलू बघेल, निवासी महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी।
  6. देवेश बघेल (17 वर्ष), पिता हरिसिंह बघेल, निवासी मावटा, भितरवार।
  7. प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16 वर्ष), पिता संतोष जाटव, निवासी ठाठीपुर, चौहान प्याऊ।
  8. शौर्य शर्मा (15 वर्ष), पिता संजय शर्मा, निवासी सहसराम, श्योपुर।
  9. हेमंत राठौर, पिता बंटी राठौर, निवासी शिवनगर, गदाईपुरा।
  10. दिव्यांश कुशवाह (17 वर्ष), पिता अशोक कुशवाह, निवासी महेशपुरा, सिकंदर कम्पू।
  11. पवन राठौर (23 वर्ष), पिता विद्याराम राठौर, निवासी गदाईपुरा, हजीरा।

हादसे में कुल 15 लोगों की मौत हुई है और 26 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस-प्रशासन पर लगे लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है। वहीं, मृतकों के परिजन आर्थिक सहायता और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन